सर्वजन सनातन पार्टी की उत्तराखंड में एंट्री, सभी 70 सीटों पर लड़ेगी चुनाव, CBI के पूर्व निदेशक हैं पार्टी के मुखिया

देहरादून, 29 अक्टूबर, 26. उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बीजेपी हो या कांग्रेस या फिर रीजनल पार्टियां अभी से तैयारियों में जुटी गई हैं. इसी बीच एक नए राजनीतिक दल ‘सर्वजन सनातन पार्टी’ की एंट्री हुई है. जिसने आगामी विधानसभा चुनाव में सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने और चुनाव लड़ने का ऐलान किया है.
निशुल्क सुविधाएं समेत सांस्कृतिक पहचान बचाना एजेंडा में शामिल
सर्वजन सनातन पार्टी ने सनातन सभ्यता और संस्कृति के संरक्षण के साथ जनता को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने को अपना मुख्य एजेंडा बताया है. इसके तहत पार्टी की ओर से निशुल्क शिक्षा, निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं, आजीविका और सांस्कृतिक पहचान को चार प्रमुख मुद्दों के रूप में सामने रखा गया है.
CBI के पूर्व निदेशक हैं SSP पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष
सर्वजन सनातन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सीबीआई यानी केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो के पूर्व निदेशक एम नागेश्वर राव हैं. इस पार्टी ने उत्तराखंड में चुनाव लड़ने का ऐलान किया गया. इस दौरान एसएसपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नागेश्वर राव ने गौ माता का उदाहरण दिया. उन्होंने कहा कि गौ माता सनातन सभ्यता और समृद्धि का प्रतीक हैं. नागेश्वर राव ने गौ माता के चार पैरों को शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और पहचान से जोड़ते हुए कहा कि इन्हीं चार आधारों पर समाज और प्रदेश को आगे बढ़ाने की जरूरत है.
सत्ता में आने पर गाय को दिलाएंगे राज्य माता का दर्जा
उन्होंने घोषणा की कि यदि उनकी पार्टी उत्तराखंड की सत्ता में आती है, तो गौ माता को ‘राज्य माता’ का दर्जा दिलाया जाएगा. वहीं, देशभर में सत्ता मिलने पर गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने की दिशा में काम किया जाएगा.
BJP पर सनातन के नाम पर राजनीति करने का आरोप
बीजेपी और अपने संगठन के मुद्दों में अंतर को लेकर प्रतिनिधि ने कहा कि बीजेपी सनातन सभ्यता की वास्तविक हितैषी नहीं है. उन्होंने बीजेपी पर आरोप भी लगाया. उन्होंने कहा कि बीजेपी सनातन के नाम पर राजनीति करती है. जबकि, दूसरी ओर देश में गोमांस के निर्यात और धार्मिक स्थलों के सरकारी नियंत्रण जैसे मुद्दे मौजूद हैं. यदि बीजेपी वास्तव में सनातन संस्कृति के संरक्षण के लिए काम कर रही है, तो भारत से गोमांस का निर्यात कैसे हो रहा है?
उन्होंने उत्तर प्रदेश में बूचड़खानों और गोमांस निर्यात का उल्लेख करते हुए बीजेपी की नीतियों पर सवाल खड़े किए. इसके साथ ही उन्होंने देश के मंदिरों के सरकारी नियंत्रण में होने का मुद्दा उठाया और आरोप लगाया कि हिंदू मंदिरों पर सरकारी नियंत्रण को लेकर बीजेपी का रुख उसके सनातन संरक्षण के दावों पर सवाल खड़े करता है. नागेश्वर राव ने बीजेपी पर सनातन के नाम पर लोगों को गुमराह करने और सामाजिक तनाव बढ़ाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी की राजनीति का उद्देश्य किसी समुदाय के खिलाफ माहौल बनाना नहीं, बल्कि सभी लोगों को साथ लेकर चलना है.
एसएसपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नागेश्वर राव ने कहा कि संगठन ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ की भावना के साथ काम करेगा और शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका तथा सांस्कृतिक पहचान जैसे मुद्दों पर सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ेगा. यह पार्टी साल 2021 में बनी थी. जो अब उत्तराखंड में भी चुनाव लड़ने जा रही है.



