
देहरादून, 29 अक्टूबर, 26. उत्तराखंड रोडवेज बसों से सफर करने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. तीन माह के लंबित वेतन के भुगतान समेत विभिन्न मांगों को लेकर उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने शुक्रवार 30 अक्टूबर से प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार और बसों का चक्का जाम करने का ऐलान किया है.
वार्ता के दौरान कर्मचारियों के लंबित वेतन, महंगाई भत्ता (डीए), दीपावली बोनस और बस बेड़े का विस्तार करने समेत कई मांगें उठाई गईं. इसके अलावा डग्गामारी पर रोक लगाने और अवैध रूप से संचालित निजी बसों के परमिट पर कार्रवाई की मांग भी रखी गई, लेकिन प्रबंधन की ओर से मांगों पर सहमति नहीं बनने के बाद यूनियन ने आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया.
अशोक चौधरी, महामंत्री, उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन
लंबी दूरी के बस संचालन पर पड़ सकता है असर
यूनियन के अनुसार परिवहन निगम की करीब 70 प्रतिशत बसों का संचालन यूनियन से जुड़े कर्मचारी करते हैं. ऐसे में शुक्रवार से कार्य बहिष्कार और चक्का जाम शुरू होने पर प्रदेश में रोडवेज बसों का संचालन प्रभावित होने की आशंका है. खासकर लंबी दूरी और मैदानी मार्गों पर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन के महामंत्री अशोक चौधरी ने बताया है कि जब तक प्रमुख मांगों का समाधान नहीं किया जाता, तब तक 30 अक्टूबर से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार जारी रहेगा. वही ऐसे में अब यात्रियों की नजर परिवहन निगम प्रबंधन और कर्मचारी यूनियन के बीच आगे होने वाली बातचीत पर टिकी है.



