उत्तराखंडदेश-विदेशबड़ी खबरयूथ कार्नरशिक्षासामाजिक

UKPSC ने जारी किया लोअर PCS परीक्षा 2024 का परिणाम, जसमीत कौर ने किया टॉप

Listen to this article

देहरादून, 1 जून। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) ने उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा 2024 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है. मुख्य परीक्षा, साक्षात्कार, शारीरिक मापदंड और चिकित्सा परीक्षण के आधार पर विभिन्न विभागों में अभ्यर्थियों का चयन किया गया है. डिप्टी कलेक्टर के 9 पदों पर चयन हुआ है, जिसमें जसमीत कौर ने टॉप किया है. इसके अलावा डीएसपी के 10, जिला कमांडेंट होमगार्ड के 5, राज्य कर अधिकारी के 53, उप शिक्षा अधिकारी/स्टाफ अधिकारी/विधि अधिकारी के 58 समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्ति के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया गया है. इससे अभ्यर्थियों का लंबा इंतजार समाप्त हो गया है.

बता दें कि उत्तराखंड में लंबे समय से लोअर पीसीएस परीक्षा 2024 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है. मुख्य लिखित परीक्षा, साक्षात्कार, शारीरिक मापदंड परीक्षण और चिकित्सा परीक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आयोग ने विभिन्न विभागों के पदों पर चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी है.

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, 1 दिसंबर 2025 को घोषित संशोधित मुख्य लिखित परीक्षा परिणाम के क्रम में 17 मार्च 2026 से 21 अप्रैल 2026 तक साक्षात्कार परीक्षा आयोजित की गई थी. इसके साथ ही जिन पदों के लिए शारीरिक मापदंड एवं चिकित्सा परीक्षण आवश्यक थे, उनकी प्रक्रिया भी पूरी की गई. सभी चरणों में अभ्यर्थियों के प्रदर्शन और उनके की ओर से उपलब्ध कराई गई पद वरीयता के आधार पर अंतिम मेरिट सूची तैयार की गई है.

जसमीत कौर बनीं टॉपर
सबसे ज्यादा चर्चा डिप्टी कलेक्टर पद पर चयनित अभ्यर्थियों को लेकर हो रही है. इस प्रतिष्ठित पद के लिए कुल 9 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है. इनमें जसमीत कौर ने शीर्ष स्थान हासिल करते हुए परीक्षा में टॉप किया है. उनके अलावा वर्षा जोशी, आशुतोष नौटियाल, अमित चंद्र द्विवेदी, मीनाक्षी भाटिया, फराज मियां, विरल शर्मा, उज्जवल डालाकोटी और काजल सैनी का चयन डिप्टी कलेक्टर पद के लिए किया गया है. इन सभी अभ्यर्थियों ने कठिन चयन प्रक्रिया को पार करते हुए राज्य की प्रशासनिक सेवा में जगह बनाई है.

पुलिस विभाग में हुई नियुक्तियां
पुलिस विभाग में भी बड़ी संख्या में चयन हुए हैं. पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) पद के लिए कुल 10 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है. इसके अलावा जिला कमांडेंट होमगार्ड के 5 पदों पर अभ्यर्थियों को नियुक्ति के लिए चयनित घोषित किया गया है. सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) के एक पद पर भी अंतिम चयन प्रक्रिया पूरी कर ली गई है.

पंचायती राज विभाग से लेकर इन विभागों में भी अभ्यर्थियों का चयन
पंचायती राज विभाग में जिला पंचायत राज अधिकारी के एक पद और कार्य अधिकारी जिला पंचायत के एक पद पर भी अभ्यर्थियों का चयन किया गया है. वहीं, ग्रामीण स्वरोजगार और कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देने वाले विभाग में जिला ग्रामोद्योग अधिकारी के 6 पदों पर योग्य अभ्यर्थियों को चयनित किया गया है.

शिक्षा विभाग में भी 58 अभ्यर्थियों का चयन
शिक्षा विभाग में इस भर्ती प्रक्रिया के तहत सबसे ज्यादा पदों में से एक उप शिक्षा अधिकारी, स्टाफ अधिकारी एवं विधि अधिकारी के रहे हैं. इन पदों के लिए कुल 58 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है. माना जा रहा है कि इन नियुक्तियों से राज्य के शिक्षा प्रशासन को मजबूती मिलेगी और विभागीय कार्यों के संचालन में सुधार आएगा.

महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास और वित्त विभाग में भी चयन
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग में परिवीक्षा अधिकारी के एक पद पर भी चयन किया गया है. इसके अतिरिक्त वित्त विभाग में वित्त अधिकारी के रूप में 14 अभ्यर्थियों को चयनित किया गया है. यह पद राज्य की वित्तीय व्यवस्थाओं और प्रशासनिक कार्यों के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है.

कराधान विभाग में भी कई पदों पर हुई नियुक्तियां
कराधान विभाग में भी बड़ी संख्या में नियुक्तियां की गई हैं. सहायक आयुक्त राज्य कर के 16 पदों पर अभ्यर्थियों का चयन हुआ है. वहीं, राज्य कर अधिकारी के 53 पदों पर अंतिम भर्ती प्रक्रिया पूरी करते हुए चयन सूची जारी की गई है. राज्य सरकार के राजस्व संग्रहण और कर प्रशासन की दृष्टि से इन पदों को काफी अहम माना जाता है.

सहायक नगर आयुक्त के 7 पदों पर अभ्यर्थियों का चयन
शहरी विकास विभाग में भी चयन प्रक्रिया पूरी की गई है. सहायक नगर आयुक्त के 7 पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया गया है. इन अधिकारियों की भूमिका नगर निकायों के प्रशासन, विकास योजनाओं के संचालन और शहरी सुविधाओं के प्रबंधन में महत्वपूर्ण होगी.

हजारों अभ्यर्थियों का इंतजार हुआ पूरा
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की ओर से जारी इस अंतिम परिणाम के साथ ही हजारों अभ्यर्थियों का इंतजार समाप्त हो गया है. परीक्षा प्रक्रिया के दौरान कई बार परिणाम और भर्ती प्रक्रिया को लेकर अभ्यर्थियों के बीच उत्सुकता बनी रही. मुख्य परीक्षा, साक्षात्कार और अन्य औपचारिकताओं के पूरा होने के बाद अब चयनित अभ्यर्थियों के लिए नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.

गौर हो कि उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा को राज्य की सबसे महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं में गिना जाता है. इस परीक्षा के माध्यम से विभिन्न प्रशासनिक, राजस्व, कराधान, शिक्षा, परिवहन और अन्य महत्वपूर्ण विभागों के अधिकारियों का चयन किया जाता है. हर साल बड़ी संख्या में युवा इस परीक्षा में भाग लेते हैं और प्रशासनिक सेवा में अपना भविष्य बनाने का सपना देखते हैं.

आयोग की ओर से अंतिम परिणाम जारी किए जाने के बाद चयनित अभ्यर्थियों और उनके परिजनों में खुशी का माहौल है. वहीं, जो अभ्यर्थी इस बार सफल नहीं हो सके हैं, उनके पास आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटने का मौका हैं. लोअर पीसीएस परीक्षा 2024 की भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही उत्तराखंड के विभिन्न विभागों को बड़ी संख्या में नए अधिकारी मिलने जा रहे हैं, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button