
रिखणीखाल, 2 जून। विकासखंड रिखणीखाल के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय तोलियोंडांडा के प्रभारी प्रधानाध्यापक लक्ष्मण सिंह रावत रविवार 31 मई सुबह से घर से रहस्यमयी ढंग से लापता हैं। बताया जा रहा है कि वे सुबह 9 बजे अपने गांव तोलियोंडाडा से नाश्ता करने के बाद निकले थे, लेकिन अभी तक घर वापस नहीं लौटे हैं।
पत्नी अनीता रावत ने दर्ज कराई गुमशुदगी की रिपोर्ट, 31 मई से हैं लापता
रिखणीखाल और कोटद्वार पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही लोगों से पूछताछ करने में जुटी है। रिखणीखाल के थानाध्यक्ष मोहम्मद अकरम ने बताया कि अनीता रावत ने दर्ज गुमशुदगी में बताया है कि उनके पति लक्ष्मण सिंह रावत रविवार सुबह करीब नौ बजे से लापता हैं। काफी तलाशने पर भी उनका कोई सुराग नहीं लगा।
कुछ समय पहले उन पर स्कूल में वित्तीय अनियमितता के आरोप लगे थे
लक्ष्मण सिंह के छोटे भाई सतवीर रावत ने फोन पर बताया कि लक्ष्मण विगत तीन वर्षों से अपने ही गांव के तोलियोंडांडा स्कूल में कार्यरत हैं। कुछ लोगों ने उन पर विद्यालय में वित्तीय अनियमितता के आरोप लगाए थे। विभागीय जांच में आरोप निराधार पाए गए। उन्हें स्थानांतरण के लिए परेशान किया जा रहा था। वे तनाव में रहने लगे थे। अनुमान है कि इसलिए वे बिना बताए घर से निकल गए।
कोटद्वार रोडवेज के पास है लक्ष्मण रावत की आखरी लोकेशन
थानाध्यक्ष मोहम्मद अकरम ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि लक्ष्मण सिंह रावत रोडवेज बस से कोटद्वार में उतरे। इसके बाद से फिलहाल उनका कोई सुराग नहीं लग रहा है। कोटद्वार पुलिस की मदद से तलाश जारी है।
शिक्षक संघ भी लक्ष्मण को ढूंढने में जुटा
शिक्षक के लापता होने की सूचना पर जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक पौड़ी गढ़वाल ने जनपद के सभी शिक्षकों से लक्ष्मण सिंह रावत को खोजने व उनके परिवार का साथ देने के लिए कहा। वहीं, राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ पौड़ी गढ़वाल के अध्यक्ष मनोज जुगरान ने कहा कि जनपद में किसी भी स्तर पर शिक्षकों के मानसिक शोषण की घटनाओं पर संगठन चुप नहीं बैठेगा।
नोट:- जिस किसी सज्जन को इनके बारे में पता चले तो तुरंत इनके परिजन या निकटतम पुलिस थाने में सूचित करें। इन नम्बरों 8126525597, 7055734867, 9837828285 पर भी आप संपर्क कर सकते हैं।



