
नई दिल्ली, 7 जून। घरेलू रसोई गैस (LPG) फिर महंगी हो गई है. LPG की कीमत में प्रति सिलेंडर 29 रुपये की बढ़ोतरी की गई है जो कि सात जून (आज) से लागू हो जायेगी। तीन महीनों में यह दूसरी बढ़ोतरी है. इसके पीछे भी ईरान संकट है. बताया गया है कि सरकारी फ्यूल रिटेलर्स को ग्लोबल एनर्जी की बढ़ती कीमतों से जूझना पड़ रहा है. न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, सूत्रों से पता चला है कि 7 जून से दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले LPG सिलेंडर की कीमत 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो जाएगी. उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में भौगोलिक परिस्थितियोंं और परिवहन लागत के कारण महंगाई की मार अधिक है। पहाड़ी जिलों पौड़ी, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, टिहरी और चमोली में उपभोक्ताओं को 978 से लेकर 980 रुपये तक चुकाने होंगे।
पिछले तीन महीने में दूसरी बड़ी बढ़ोत्तरी
यह पिछले तीन महीनों में घेलू गैस की कीमतों में दूसरी बड़ी बढ़ोत्तरी है। इससे पहले 7 मार्च को प्रति सिलेंडर 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी, जब वेस्ट एशिया में संघर्ष के कारण ग्लोबल एनर्जी सप्लाई में रुकावट आई थी और इंटरनेशनल फ्यूल की कीमतें बढ़ गई थीं. इंडस्ट्री के सूत्रों का तर्क है कि पिछली बढ़ोतरी से घरेलू LPG बिक्री पर हुए नुकसान की केवल आंशिक भरपाई ही हो पाई थी. हालिया बदलाव से पहले, सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को बेचे जाने वाले हर LPG सिलेंडर पर लगभग 703 रुपये का नुकसान हो रहा था.
देहरादून/हरिद्वार में 961 रुपये का मिलेगा घरेलू LPG सिलेंडर
पौड़ी, टिहरी, चमोली, उत्तरकाशी में परिवहन शुल्क के कारण 977.50 रुपये का मिलेगा घरेलू LPG सिलेंडर
दिल्ली में अब 942 रुपये का मिलेगा घरेलू LPG सिलेंडर
मुंबई में अब 941.50 रुपये का मिलेगा घरेलू LPG सिलेंडर
उज्ज्वला लाभार्थियों को राहत
केंद्र सरकार के मुताबिक उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को मिलने वाली 300 रुपये की सीधी सब्सिडी जारी रहेगी, जिससे उनके लिए प्रभावी की करीब 642 रुपये होगी।
इसी महीने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर भी महंगा हुआ
पहली जून को ही 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई थी. दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर 42 रुपये महंगा होकर अब 3113.50 रुपये का हो गया है. वहीं कोलकाता में इसकी कीमत 53.50 रुपये बढ़कर 3255.50 रुपये पहुंच गई. इतना ही नहीं छोटे व्यापारियों और नागरिकों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले 5 किलोग्राम के एफटीएल सिलेंडर की कीमत में भी 11 रुपये का इजाफा किया था. दिल्ली में ये छोटा सिलेंडर अब 821.50 रुपये की नई दर पर मिलता है.
पेट्रोल-डीजल पहले ही साढ़े सात रुपये तक महंगा हुआ
LPG की कीमतों में यह बढ़ोतरी तेल की कीमतों में व्यापक बढ़ोतरी के दौर के बीच हुई है. मई से अबतक पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कुल मिलाकर 7.50 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है, जबकि कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) की दरों में लगभग 6 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी हुई है.
इंडस्ट्री के सूत्रों के मुताबिक, हालिया बढ़ोतरी के बावजूद ऑयल कंपनियां पेट्रोल और डीजल को लागत से कम कीमत पर बेच रही हैं, जिससे उन्हें पेट्रोल पर लगभग 11 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 33.6 रुपये प्रति लीटर का नुकसान हो रहा है.



