
पौड़ी, 8 जून। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद पौड़ी गढ़वाल में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर SIR -2026) के तहत मतदाता सूची के अद्यतन की प्रक्रिया तेज हो गई है। सोमवार से बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों के वितरण और सत्यापन कार्य का शुभारंभ कर दिया।
8 जून से 7 जुलाई तक BLO घर-घर जाकर मतदाताओं से करेंगे संपर्क
अभियान के अंतर्गत 8 जून से 7 जुलाई, 2026 तक बीएलओ अपने-अपने मतदान क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करेंगे। इस दौरान नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने तथा आवश्यक संशोधनों के लिए जानकारी एकत्र की जाएगी। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार इस चरण में मतदाताओं से किसी प्रकार के दस्तावेज प्राप्त नहीं किए जाएंगे।
अभियान की प्रगति का जायजा लेने के लिए सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एस.एल. शाह ने पौड़ी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गणना प्रपत्र वितरण, बीएलओ एप पर अद्यतन की स्थिति तथा नेटवर्क कनेक्टिविटी की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि सभी क्षेत्रों में गणना प्रपत्रों का वितरण निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुचारु रूप से किया जा रहा है।
14 जुलाई को निर्वाचक नामावली होगी प्रकाशित
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बताया कि पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 14 जुलाई, 2026 को प्रारूप निर्वाचक नामावली प्रकाशित की जाएगी, जबकि दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण के बाद 15 सितम्बर, 2026 को अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस विशेष अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का उपयोग कर सके। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि बीएलओ द्वारा वितरित गणना प्रपत्रों को सही और पूर्ण जानकारी के साथ भरकर समय पर उपलब्ध कराएं।
नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों से सहयोग की अपील
जिलाधिकारी ने जनपद के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और गणमान्य व्यक्तियों से भी अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना आवश्यक है और यह अभियान उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।



