
चमोली, 18 जुलाई, 26. बदरीनाथ धाम के दान-चढ़ावा में कथित हेराफेरी और चोरी के मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है. मामले में पूर्व मंदिर अधिकारी राजेंद्र चौहान की गिरफ्तारी के बाद जांच नए चरण में पहुंच गई है. मंदिर सूत्रों के अनुसार, पूछताछ और तलाशी के दौरान एसआईटी को उनके पास से विदेशी मुद्रा, केसर तथा अन्य सामान भी मिला है, जिसकी जांच की जा रही है. बरामद वस्तुओं के संबंध में एसआईटी की ओर से आधिकारिक पुष्टि अभी शेष है.
पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल में पूर्व मंदिर अधिकारी राजेंद्र चौहान कथित रूप से कई बार नोटों के बंडल अपनी जेब में रखते हुए दिखाई दिए. इसी आधार पर उनसे विस्तृत पूछताछ की गई. जिसके बाद शुक्रवार को उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है. इससे पहले इस मामले में प्रमोद नौटियाल की गिरफ्तारी हो चुकी है.
45 दिन की रिकार्डिंग में से 32 दिन का डेटा गायब
सूत्रों के मुताबिक, मंदिर समिति ने पहले 45 दिन की रिकॉर्डिंग उपलब्ध होने की बात कही थी, लेकिन एसआईटी को फिलहाल केवल 13 दिन का फुटेज मिला है. शेष 32 दिन की रिकॉर्डिंग हासिल करने और कथित रूप से गायब डेटा को रिकवर कराने की प्रक्रिया जारी है. यदि पूरी फुटेज उपलब्ध होती है तो मामले में कई नए तथ्य सामने आ सकते हैं.
– महादेव उनियाल, बदरीनाथ थाना प्रभारी –
बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे की धनराशि और दान सामग्री की चोरी के मामले में पुलिस ने पूर्व मंदिर अधिकारी व तत्कालीन थाली भेंट गणना प्रभारी राजेंद्र चौहान को कल गिरफ्तार किया था। आज उन्हें कोर्ट में पेश किया करने के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार सीसीटीवी फुटेज, दस्तावेज और मौखिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की संलिप्तता सामने आने पर कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी से करीब चार घंटे तक गहन पूछताछ भी की। इस मामले में संलिप्त एक अन्य भी पुलिस के रडार पर है। जल्द ही पुलिस उसे भी गिरफ्तार कर सकती है।
28 साल की सेवा पर लालच पड़ा भारी, नौकरी के अंतिम दिन लगा सबसे बड़ा दाग
पुलिस टीम ने आरोपी राजेंद्र चौहान को गिरफ्तार करने के बाद शुक्रवार को अपराह्न छह से सात बजे तक साकेत टैक्सी स्टैंड के पास बीकेटीसी की ओर से मिले उनके आवास पर छापेमारी की। सूत्रों ने बताया कि उनके आवास से केसर के पांच डिब्बे और कुछ विदेशी मुद्रा बरामद हुई है। पुलिस ने इन चीजों को अपने कब्जे में ले लिया है।
बदरीनाथ भगवान को अर्पित किया जाता है केसर जल
बदरीनाथ मंदिर में भगवान बदरीनाथ की पूजा से लेकर भोग बनाने तक केशर का उपयोग किया जाता है। बदरीनाथ को नित्य केसर जल अर्पित किया जाता है। बदरीनाथ भगवान की प्रतिमा को प्रतिदिन चंदन का लेप लगाया जाता है। इसमें भी केसर मिलाया जाता है। बदरीनाथ की अभिषेक पूजा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को केसर भोग दिया जाता है। बाजार में एक किलो केसर की कीमत लगभग ढाई लाख रुपये है।



