
देहरादून, 20 जुलाई, 26. जिला विधिक सेवा प्राधिकरण DLSA और ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने सहसपुर, बड़ा रामपुर, छोटा रामपुर, झाझरा और सुद्धोवाला क्षेत्र के मेडिकल स्टोरों पर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई मेडिकल स्टोरों में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर पांच प्रतिष्ठानों को तत्काल बंद कर दवाइयों के क्रय-विक्रय पर रोक लगा दी गई है।
जनता मेडिकल स्टोर में खराब फ्रिज में रखे इंजेक्शन खराब अवस्था में मिले, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया। सीसीटीवी भी बंद मिला। स्टोर को सील कर दवाइयों की बिक्री पर रोक लगा दी गई है। शंभु मेडिकल स्टोर में सीसीटीवी और एक्सपायर दवाओं के रखरखाव की व्यवस्था नहीं मिलने पर सभी व्यवस्थाएं पूरी होने तक संचालन रोकने के निर्देश दिए गए। वहीं हेल्थ केयर फार्मेसी में फार्मासिस्ट और मालिक दोनों अनुपस्थित मिले और गंभीर अनियमितताओं के चलते उसे भी बंद करा दिया गया।
निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि कार्रवाई की सूचना मिलते ही सहसपुर, सभावाला, छोटा रामपुर, बड़ा रामपुर और सुद्धोवाला क्षेत्र के कई अन्य मेडिकल स्टोर संचालकों ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए, जिससे उनकी कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए।
स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं : सीमा
सचिव सीमा डुंगराकोटी ने कहा कि आमजन के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि बिना डॉक्टर की पर्ची के प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री, एक्सपायरी दवाओं के उपयोग या अन्य अनियमितताओं की जानकारी तत्काल संबंधित विभाग या जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके। इस दौरान वरिष्ठ औषधि निरीक्षक मानेन्द्र सिंह राणा और औषधि निरीक्षक विनोद जगूड़ी भी मौजूद रहे।



