उत्तरप्रदेशमनोरंजनयूथ कार्नरशिक्षा

यूपी के युवाओं के लिए सेना में अग्निवीर बनने का मौका, भर्ती रैली 6 अगस्त से शुरू

सार्थकपहल.काम। वेस्ट यूपी के युवाओं को सेना में भर्ती होने का खास मौका मिल रहा है। भारतीय सेना ने अग्निवीर रिक्रूटमेंट रैली का शेड्यूल जारी कर दिया है। जिसके अनुसार बरेली जिले में 6 अगस्त से और सहारनपुर जिले में 17 से अग्निवीरों की भर्ती होगी। सैन्य अफसरों के मुताबिक बरेली जिले के जाट रेजिमेंट सेंटर में 6 से 13 अगस्त 2026 तक अग्निवीर भर्ती की रैली शुरू की जाएगी। आर्मी की इस रैली में जनरल ड्यूटी, ट्रेड्समैन, स्पोर्ट्स और क्लर्क पदों के लिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। योग्य कैंडिडेट्स को शेड्यूल के मुताबिक आयोजन स्थल पर पहुंचना होगा।

रक्षा जनसंपर्क अधिकारी शांतनु ने बताया कि भर्ती रैली युद्ध विधवाओं के पुत्रों, जाट रेजिमेंट के पूर्व और सेवारत सैनिकों के पुत्र और सगे भाई, युद्ध में शहीद व घायल सैनिकों के आश्रितों के साथ उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए आयोजित की जा रही है। अन्य रेजिमेंटों के पूर्व एवं सेवारत सैनिकों के पुत्र, भाई और कानूनी रूप से गोद लिए गए बच्चे भी निर्धारित पात्रता के अनुसार भाग ले सकेंगे। इनके अलावा जिला के अन्य पात्र अभ्यर्थी भी रिक्रूटमेंट रैली का हिस्सा बन सकेंगे।

अग्निवीर भर्ती रैली का शेड्यूल
इंडियन आर्मी अग्निवीर रैली में भाग लेने के लिए योग्य अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल प्रमाणपत्र के साथ सुबह चार बजे जाट रेजिमेंटल सेंटर पर रिपोर्ट करना होगा। 6 अगस्त को स्पोर्ट्स ट्रायल में चयनित खिलाड़ियों और उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान को छोड़कर अन्य राज्यों के अभ्यर्थियों के लिए अग्निवीर स्पोर्ट्स और जनरल ड्यूटी की भर्ती होगी। 7 अगस्त को हरियाणा के अभ्यर्थियों के लिए जनरल ड्यूटी भर्ती आयोजित की जाएगी। वहीं 8 अगस्त को उत्तर प्रदेश के पहले समूह के जिलों के अभ्यर्थी भाग लेंगे, जबकि 10 अगस्त को बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर समेत उत्तर प्रदेश के दूसरे समूह के जिलों के अभ्यर्थियों की भर्ती होगी।

11 अगस्त को राजस्थान के अभ्यर्थियों के लिए जनरल ड्यूटी भर्ती होगी। इसके अलावा 12 अगस्त को सभी राज्यों के पात्र अभ्यर्थियों के लिए अग्निवीर ट्रेड्समैन पद की भर्ती होगी और 13 अगस्त को केवल जाट रेजिमेंट के सभी राज्यों के पात्र अभ्यर्थियों के लिए अग्निवीर क्लर्क पद की भर्ती की जाएगी।

सहारनपुर में 17 अगस्त से अग्निवीर रैली
सहारनपुर जिले के आंबेडकर स्टेडियम में 17 अगस्त से 10 सितंबर तक अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। वहीं सहारनपुर के अपर जिलाधिकारी प्रशासन के मुताबिक रैली में यूपी के 13 जनपद सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, रामपुर, मुरादाबाद, बिजनौर, अमरोहा, गौतमबुद्धनगर, हापुड़, गाजियाबाद, बागपत, मेरठ और बुलंदशहर के अभ्यर्थी शामिल होंगे। सेना के भर्ती अधिकारी कर्नल सत्यजीत बेबले ने बताया कि भर्ती रैली में हर दिन 1200 अभ्यर्थी आएंगे। किस तिथि में किस जिले के युवा बुलाए जाएंगे, इसकी प्रोग्राम बाद में जारी किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button