
गैरसैंण/मसूरी, 23 जुलाई, 26. देशभर में इन दिनों पेपर लीक का मुद्दा छाया हुआ है. छात्र पेपर लीक की घटनाओं और दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुए कथित पुलिस लाठीचार्ज को लेकर छात्र आक्रोशित हैं। इस मुद्दे को लेकर दिल्ली के जंतर मंतर पर सीजेपी प्रदर्शन कर रही है. वहीं, संसद में इस मुद्दे को लेकर गतिरोध बना हुआ है. वहीं, देशभर में इसे लेकर प्रदर्शन हो रहे हैं. बात अगर उत्तराखंड की करें तो यहां एबीवीपी और एनयूएसआई के छात्र सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं.
नीट पेपर लीक को लेकर गैरसैंण में विरोध प्रदर्शन
नीट पेपर लीक को लेकर प्रदेश की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में भी छात्र-छात्राओं व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की. इस दौरान प्रदर्शनकारी छात्र व कांग्रेस कार्यकर्ता गैरसैंण के रामलीला मैदान में एकत्र हुए. जहां से वे सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्य चौराहे से डाकबंगला रोड होते हुए तहसील कार्यालय पहुंचे. जहां छात्रों ने एक घण्टे तक सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की. इस दौरान छात्र-छात्राओं ने देश में लगातार हो रही पेपर लीक की घटनाओं की निष्पक्ष जांच,दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का मांग पत्र उपजिलाधिकारी के माध्यम से प्रेषित किया.
इस दौरान छात्रों ने कहा कि बार-बार होने वाली ऐसी घटनाओं से लाखों मेहनती अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है. वर्षों की मेहनत के बाद भी यदि परीक्षाओं की निष्पक्षता पर प्रश्नचिन्ह लगते हैं तो, युवाओं का विश्वास पूरी व्यवस्था से उठने लगता है. यह अत्यंत चिंताजनक व देश की शिक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता को लेकर गंभीर चुनौती है.
मसूरी एबीवीपी कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका
मसूरी में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने एमजी कॉलेज परिसर में केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. छात्रों ने शिक्षा व्यवस्था में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों, नीट विवाद और दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर हुए कथित लाठीचार्ज को लेकर गहरा रोष व्यक्त किया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंकते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए. एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि देश में लगातार हो रहे पेपर लीक के कारण लाखों युवाओं का भविष्य दांव पर लग गया है. मेहनत से तैयारी करने वाले छात्रों का मनोबल टूट रहा है. परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.
छात्र नेताओं आशुतोष जोशी, अनुज पवार, विकास रावत और करिश्मा ने कहा कि नीट सहित कई महत्वपूर्ण परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं ने युवाओं का भरोसा कमजोर किया है. उन्होंने कहा छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. एबीवीपी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच, दोषी अधिकारियों और माफियाओं पर कठोर कार्रवाई तथा परीक्षा प्रणाली में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई.



