उत्तराखंडदेश-विदेशबड़ी खबरयूथ कार्नरशिक्षासामाजिकस्वास्थ्य

उत्तराखंड में परमवीर चक्र से सम्मानित जवानों की अनुग्रह राशि 1.50 करोड़ से बढ़ाकर 2 करोड़ की गई

देहरादून, 26 जुलाई, 26. मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने देहरादून के गांधी पार्क में स्थित शहीद स्मारक पर कारगिल विजय दिवस पर पुष्पचक्र अर्पित कर कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी. इस दौरान उन्होंने कारगिल शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया. साथ ही उनके अद्वितीय त्याग, शौर्य और राष्ट्रसेवा को नमन किया. वहीं, सीएम धामी ने परमवीर चक्र से सम्मानित वीरों के लिए अनुग्रह राशि डेढ़ करोड़ रुपए से बढ़ाकर 2 करोड़ रुपए करने की घोषणा की.

कारगिल युद्ध में उत्तराखंड के जवानों ने दिया सर्वोच्च बलिदान
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कारगिल विजय भारतीय सेना के अदम्य साहस, अद्वितीय पराक्रम एवं राष्ट्रभक्ति का अमर प्रतीक है. 18 हजार फीट से अधिक ऊंचाई पर अत्यंत विषम परिस्थितियों में भारत के सैनिकों ने अद्वितीय वीरता, अटूट मनोबल और सर्वोच्च बलिदान का परिचय देकर दुश्मन को परास्त किया. दुनिया के समक्ष भारत की सैन्य शक्ति और दृढ़ संकल्प का परिचय कराया.

कारगिल युद्ध में 75 जवान हुए शहीद
सीएम धामी ने कहा कि कारगिल युद्ध में देश के 527 वीर जवानों ने सर्वोच्च बलिदान दिया, जिनमें उत्तराखंड के 75 वीर सपूत भी शामिल थे. उत्तराखंड केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि वीरभूमि भी है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत की सुरक्षा नीति ज्यादा सशक्त, निर्णायक और आत्मविश्वास से परिपूर्ण हुई है.

शहीद आश्रितों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि 10 लाख से 50 लाख की गयी
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी वीर सैनिकों, पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है. राज्य सरकार ने शहीदों के आश्रितों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि 10 लाख से बढ़ाकर 50 लाख कर दी है. इसके साथ ही सभी वीरता पुरस्कार विजेताओं को दी जाने वाली एकमुश्त एवं वार्षिक सहायता राशि में भी इजाफा किया गया है.

बलिदानी परिवारों के एक सदस्य को सरकारी सेवा में समायोजन, आवेदन की समय-सीमा दो साल से बढ़ाकर पांच साल, शहीद परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए सहायता, वीरता पुरस्कार से सम्मानित जवानों के लिए राज्य परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा, पूर्व सैनिकों को संपत्ति क्रय पर स्टांप शुल्क में छूट और शस्त्र लाइसेंस प्रक्रिया के सरलीकरण जैसे अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं.
पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री

सैनिकों के अदालतों में जमीन धोखाधड़ी से जुड़े पेंडिंग मामले जल्द निपटेंगे
सीएम धामी ने कहा कि सैनिकों एवं पूर्व सैनिकों के जिला अदालतों में भूमि धोखाधड़ी के जो मामले पेंडिंग हैं, उनके जल्द निस्तारण के प्रयास किए जाएंगे. देहरादून के गुनियाल गांव में राज्य के ‘पांचवें धाम’ के रूप में सैन्य धाम के निर्माण का काम अंतिम चरण में है. राज्य के प्रत्येक शहीद के घर से लाई गई पवित्र मिट्टी से यह सैन्य धाम निर्मित किया जा रहा है. जो आने वाली पीढ़ियों के लिए राष्ट्रभक्ति, त्याग और बलिदान का प्रेरणा-स्थल बनेगा.

अग्निवीरों के लिए गठित किया जा रहा ‘अग्निवीर रोजगार सेल’
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अग्निवीरों के उज्ज्वल भविष्य के लिए भी ठोस कदम उठा रही है. अग्निवीरों के लिए देश का पहला ‘अग्निवीर रोजगार सेल’ गठित किया जा रहा है. साथ ही उत्तराखंड पुलिस, वन विभाग और अन्य राज्य सेवाओं में उन्हें प्राथमिकता देने, कौशल विकास प्रशिक्षण, स्वरोजगार, होमस्टे योजना एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी काम किए जा रहे हैं.

Related Articles

Back to top button