सुरों की मल्लिका बनीं ज्योतिर्मयी नायक, इंडियन आइडल 16 का खिताब जीता, जबलपुर के तनिष्क रहे उपविजेता

नई दिल्ली, 26 जुलाई, 26. 9 महीने… सैकड़ों सुर… हजारों तालियां और करोड़ों दुआओं के बाद आखिरकार Indian Idol Season 16 को अपना नया सितारा मिल गया है. ज्योतिर्मयी नायक ने शानदार जीत दर्ज करते हुए इंडियन आइडल 16 की ट्रॉफी अपने नाम कर ली. इसी के साथ उन्हें 20 लाख रुपये भी प्राइज मनी के तौर पर मिले. ग्रैंड फिनाले में उनकी दमदार परफॉर्मेंस ने ऐसा जादू चलाया कि हर कोई उनका दीवाना हो गया. वे इंडियन आइडल का खिताब जीतने वाली पहली ओडिया प्रतियोगी भी बन गयी हैं। वहीं जबलपुर के तनिष्क शुक्ला फर्स्ट रनर अप रहे.
‘सैंया ओ सैंया’ गाकर जीत लिया हिंदुस्तान का दिल
ग्रैंड फिनाले में ज्योतिर्मयी ने ‘सैंया ओ सैंया’ पर ऐसी दिल छू लेने वाली परफॉर्मेंस दी कि पूरा माहौल तालियों से गूंज उठा. इसके बाद विनर के तौर पर उनके नाम का ऐलान हुआ और उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा. उन्होंने फाइनल में अंशिका चोंकर, मनराज वीर सिंह, मैस्कम्मे बोसु, सुहैल सूफी और तनिष्क शुक्ला जैसे मजबूत कंटेस्टेंट्स को पीछे छोड़कर ट्रॉफी अपने नाम की.
ज्योतिर्मयी पहले से ही ओड़िया म्यूजिक इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम हैं. लेकिन उनकी पहचान सिर्फ गानों तक सीमित नहीं है. इंडियन आइडल में आने से पहले वह म्यूजिक थेरेपी के जरिए कैंसर मरीजों की मदद भी करती थीं. यही वजह है कि उनकी आवाज के साथ-साथ उनकी सोच ने भी लोगों का दिल जीत लिया.
कैंसर के मरीजों के लिए गाती थी गाना
इंडियन आइडल में आने से पहले 24 वर्षीय ज्योतिर्मयी कैंसर के मरीजों के लिए एक म्यूजिक थेरेपिस्ट के रूप में काम करती थीं। उन्होंने अपनी इस जीत और प्रेरणा का श्रेय उन मरीजों के आशीर्वाद को भी दिया।
हेमा मालिनी भी हो गई थीं फैन
पूरे सीजन में ज्योतिर्मयी ने एक से बढ़कर एक यादगार परफॉर्मेंस दी. उन्होंने जब ‘ओ जब तक है जान…’ गाया तो दिग्गज एक्ट्रेस हेमा मालिनी अपनी सीट से खड़ी होकर तालियां बजाने लगीं. वहीं ‘जाने क्यों लोग मोहब्बत किया करते हैं’ गाने ने अभिनेत्री लीना चंदावरकर को इतना प्रभावित किया कि उन्होंने कहा कि वह इस गाने को बार-बार ज्योतिर्मयी की आवाज में सुनना चाहेंगी.
शो के जज और मेहमान
इस बार का ग्रैंड फिनाले भी बेहद शानदार रहा. शो के जज श्रेया घोषाल, विशाल ददलानी और बादशाह के साथ-साथ उषा उत्थुप, उदित नारायण, पापोन, कुमार सानू, शहनाज गिल और उर्मिला मातोंडकर जैसे कई बड़े सितारों ने अपनी मौजूदगी से शाम को और खास बना दिया.
जीत के बाद भावुक हुईं ज्योतिर्मयी
ट्रॉफी जीतने के बाद ज्योतिर्मयी ने कहा कि यह पल उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है. ऑडिशन से लेकर ट्रॉफी जीतने तक का सफर उनकी जिंदगी बदल देने वाला रहा. उन्होंने अपने परिवार, फैंस, जजों, शो की पूरी टीम और उन्हें वोट देने वाले हर शख्स का दिल से शुक्रिया अदा किया. उन्होंने कहा कि “ये ट्रॉफी सिर्फ मेरी नहीं, उन सभी लोगों की है जिन्होंने हर कदम पर मेरा साथ दिया और मुझ पर भरोसा किया.
‘यादों की प्लेलिस्ट’ के साथ खत्म हुआ शानदार सीजन
‘यादों की प्लेलिस्ट’ थीम पर आधारित Indian Idol Season 16 ने पूरे सीजन में पुराने और सदाबहार गीतों को नई आवाजों के जरिए दर्शकों तक पहुंचाया. अब इस यादगार सफर का अंत ज्योतिर्मयी नायक की जीत के साथ हुआ है, जिन्होंने साबित कर दिया कि मेहनत, लगन और हुनर हो तो हर सपना सच हो सकता है.



