उत्तराखंडखेलदेश-विदेशयूथ कार्नरशिक्षासामाजिक

हॉकी की ‘हैट्रिक गर्ल’ वंदना कटारिया को स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए राष्ट्रपति भवन से मिला निमंत्रण

हरिद्वार, 3 अगस्त. भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान और पद्मश्री सम्मान से सम्मानित वंदना कटारिया को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले विशेष समारोह में शामिल होने के लिए निमंत्रण मिला है. राष्ट्रपति की ओर से भेजा गया यह निमंत्रण पत्र शनिवार को डाक विभाग ने हरिद्वार के रोशनाबाद गांव स्थित उनके आवास पर पहुंचाकर परिजनों को सौंपा.

हॉकी की हैट्रिक गर्ल को राष्ट्रपति भवन से आया निमंत्रण
इस सम्मानजनक निमंत्रण से वंदना के परिवार में खुशी का माहौल है. वंदना कटारिया पिछले साल अंतरराष्ट्रीय हॉकी से संन्यास ले चुकी हैं. इन दिनों वो नई खिलाड़ियों को तराश रही हैं. आगामी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों को तौयार करने के सिलसिले में मुंबई में हैं. ऐसे में जब उनके घर राष्ट्रपति भवन से भेजा गया निमंत्रण पत्र पहुंचा, तो परिजनों ने तुरंत फोन पर इसकी जानकारी उन्हें दी. राष्ट्रपति भवन से मिले इस विशेष आमंत्रण को परिवार ने वंदना के लंबे खेल करियर, उनकी उपलब्धियों और देश के लिए किए गए योगदान का सम्मान बताया.

भारतीय हॉकी टीम की कप्तान रह चुकी हैं वंदना कटारिया
गौरतलब है कि वंदना कटारिया भारतीय महिला हॉकी की सबसे सफल खिलाड़ियों में शुमार हैं. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनके शानदार प्रदर्शन और भारतीय खेल जगत में उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें पद्मश्री सहित कई प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा चुका है. वो हरिद्वार के रोशनाबाद गांव की निवासी हैं. यहीं पर उन्होंने पढ़ाई लिखाई के साथ हॉकी खेलने की तैयारी शुरू की थी. इंटरनेशनल खेलों में गोल की हैट्रिक लगाने के बाद वो हैट्रिक गर्ल के नाम से प्रसिद्ध हो गईं. पूर्व में देश के प्रधानमंत्री से वो मिल चुकी हैं और इस बार राष्ट्रपति भवन से उन्हें बुलावा आया है. बता दें कि रोशनाबाद में अंतरराष्ट्रीय स्तर का हॉकी मैदान है, जिसका नाम वंदना कटारिया के नाम पर ही रखा गया है. ये आज वंदना कटारिया हॉकी स्टेडियम के नाम से प्रसिद्ध है.

वंदना कटारिया ने पिछले साल संन्यास लिया था
भारतीय महिला हॉकी टीम की स्टार खिलाड़ी रहीं वंदना कटारिया ने मंगलवार, 1 अप्रैल 2025 को अंतरराष्ट्रीय हॉकी से संन्यास लिया था. उन्होंने 2009 में इंटरनेशनल हॉकी में डेब्यू किया था. वो टोक्यो ओलंपिक 2020 में चौथे स्थान पर रहने वाली भारतीय टीम का भी हिस्सा रही थीं. वंदना ने रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज कराया, क्योंकि वह ओलंपिक में हैट्रिक बनाने वाली पहली और एकमात्र भारतीय महिला खिलाड़ी बनीं.

Related Articles

Back to top button