उत्तराखंडक्राइमदेश-विदेशबड़ी खबरसामाजिक

बदरीनाथ मंदिर चढ़ावा चोरी में SIT ने जेपी कंपनी के सुरक्षाकर्मी मनोज कुमार को गिरफ्तार किया

चमोली, 7 अगस्त, 26. विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम में दान और चढ़ावा चोरी मामले में एक और आरोपी की गिरफ्तारी हो गई है. मंदिर के चढ़ावे में वित्तीय अनियमितता की जांच के दौरान एसआईटी ने तीसरे आरोपी मनोज कुमार को गिरफ्तार किया है. आरोपी मंदिर में वीआईपी दर्शन कराने के नाम पर आता था और दान की रकम जेब में भरकर ले जाता था. जो सीसीटीवी फुटेज में दान सामग्री अपनी जेब में रखते हुए भी दिखाई दिया है. आरोपी मूल रूप से हिमाचल प्रदेश का रहने वाला था।

एसआईटी ने हिमाचल प्रदेश के मनोज कुमार को गिरफ्तार किया
बता दें कि बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले में गठित एसआईटी यानी स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम ने मनोज कुमार नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी मनोज कुमार जेपी पावर वेंचर्स लिमिटेड की लामबगड़ जल विद्युत परियोजना में सुरक्षाकर्मी के रूप में कार्यरत था. पुलिस की मानें तो कंपनी के अधिकारियों के मेहमानों और रिश्तेदारों को वीआईपी दर्शन कराने के लिए उसे समय-समय पर मंदिर भेजा जाता था.

VIP दर्शन के बहाने आता था आरोपी, जुर्म कुबूला
एसआईटी ने 25 और 29 जून की सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से जांच की, तो जांच में आरोपी थाली भेंट गणना कक्ष में दान सामग्री में से सामान निकालकर जेब में रखते हुए साफ दिखाई दिया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की बात स्वीकारी. उसने बताया कि कुछ सामान उसने अपने कमरे में रखा था. जबकि, कुछ यात्रियों को बेच दिया था.

चांदी समेत अन्य धातु के आभूषण कमरे से बरामद
पुलिस ने आरोपी के लामबगड़ स्थित कमरे से चांदी और अन्य धातुओं के आभूषण, सिक्के, प्रतिमा, कंगन, ब्रेसलेट, दंड, चोरी की सामग्री बेचकर मिले 6 हजार रुपए नकद और वो बेडशीट भी बरामद की है, जिस पर चोरी का सामान रखकर उसकी तस्वीरें खींची जाती थीं. आरोपी के मोबाइल की रिसायकल बिन से चोरी के सामान की तस्वीरें भी बरामद हुई हैं.

प्रमोद नौटियाल और राजेंद्र चौहान हो चुके गिरफ्तार
गौर हो कि इस मामले में बीती 8 जुलाई 2026 को बदरी केदार मंदिर समिति के प्रभारी मंदिर अधिकारी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया था. चमोली पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर गठित एसआईटी पहले ही बीकेटीसी के अध्यक्ष का निजी सहायक प्रमोद नौटियाल और पूर्व कर्मचारी राजेंद्र चौहान को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है.

अब तीसरा आरोपी मनोज कुमार गिरफ्तार
अब तीसरे आरोपी मनोज कुमार की गिरफ्तारी के बाद एसआईटी पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और पुलिस का कहना है कि मामले में यदि अन्य लोगों की भूमिका सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी. वहीं, बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला सुर्खियों में है. जिस पर हाल में जमकर सियासत भी हुई. एसआईटी अन्य संदिग्धों पर भी नजर रखे हुए है।

Related Articles

Back to top button