प्रदेश के चार जिलों में लगेंगे रोजगार मेले, 10 हजार युवाओं को मिलेगा रोजगार का मौका

देहरादून, 8 अगस्त, 26. उत्तराखंड के दस हजार बेरोजगार युवाओं को अगले चार महीने के भीतर देशभर की बहुराष्ट्रीय और निजी कंपनियों में रोजगार दिलाने की तैयारी है. इसके लिए तकनीकी शिक्षा विभाग प्रदेशभर में चार विशेष रोजगार मेलों का आयोजन करेगा. गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में दो-दो रोजगार मेले लगाए जाएंगे. रोजगार मेलों के जरिए प्रदेश के तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा प्राप्त युवाओं को निजी क्षेत्र में नौकरी के अवसर उपलब्ध कराने पर फोकस रहेगा.
बहुराष्ट्रीय और निजी क्षेत्र की कंपनियों को भेजा गया बुलावा
रोजगार मेलों के लिए गढ़वाल मंडल में देहरादून और श्रीनगर, जबकि कुमाऊं मंडल में काशीपुर और अल्मोड़ा को चुना गया है. इन मेलों में देशभर की विभिन्न बहुराष्ट्रीय और निजी क्षेत्र की कंपनियों को आमंत्रित किया जाएगा. लक्ष्य रखा गया है कि चार महीने की अवधि में आयोजित होने वाले इन मेलों के माध्यम से करीब 10 हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाए.
पालीटेक्निक और ITI के अंतिम वर्ष के छात्र भी कर सकेंगे आवेदन
इन रोजगार मेलों में केवल तकनीकी शिक्षा प्राप्त युवाओं को ही मौका नहीं मिलेगा, बल्कि रोजगार की तलाश कर रहे विभिन्न वर्गों के युवाओं को शामिल किया जाएगा. पॉलीटेक्निक और आईटीआई से पासआउट विद्यार्थियों के साथ आखिरी साल के अध्ययनरत छात्र-छात्राएं भी रोजगार के लिए आवेदन कर सकेंगे. इसके अलावा राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों से पासआउट और अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को भी निजी कंपनियों में नौकरी का अवसर मिलेगा. विद्यालयी शिक्षा के तहत व्यावसायिक पाठ्यक्रम पूरा कर चुके छात्र-छात्राओं को भी रोजगार मेलों से जोड़ा जाएगा.
देहरादून, श्रीनगर, काशीपुर और अल्मोड़ा में लगेंगे रोजगार मेले
शनिवार को अपने शासकीय आवास पर विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान तकनीकी शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने अधिकारियों को इन रोजगार मेलों की तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि गढ़वाल मंडल के देहरादून व श्रीनगर और कुमाऊं मंडल के काशीपुर व अल्मोड़ा में इन मेलों का आयोजन किया जाएगा।
हर विभाग में बनेगा ‘मीडिया सेल’
बैठक में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विभागीय उपलब्धियों को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए एक और बड़ा फैसला लिया गया। अब सभी विभागीय मुख्यालयों में एक समर्पित ‘मीडिया सेल’ का गठन किया जाएगा।
निःशुल्क ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू का जाएगी
रोजगार मेलों में युवाओं की भागीदारी तय करने के लिए निःशुल्क ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. तकनीकी शिक्षा विभाग को एक सप्ताह के भीतर ऑनलाइन पंजीकरण शुरू करने की तैयारी करने को कहा गया है.
पंजीकृत युवाओं का तैयार किया जायेगा डाटा
पंजीकरण के माध्यम से युवाओं का डाटा तैयार किया जाएगा, जिसके आधार पर कंपनियों की जरूरत के मुताबिक अभ्यर्थियों को रोजगार मेलों में शामिल किया जा सकेगा. इन रोजगार मेलों को केवल तकनीकी शिक्षा विभाग तक सीमित रखने के बजाय विभिन्न विभागों के साझा प्रयास से आयोजित किया जाएगा. विद्यालयी शिक्षा, उच्च शिक्षा, सेवायोजन और कौशल विकास विभाग भी इसमें भागीदारी करेंगे. इसके लिए जल्द ही संबंधित विभागों की उच्चस्तरीय संयुक्त बैठक आयोजित कर रोजगार मेलों की तारीख, कंपनियों की भागीदारी और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा.



