
लखनऊ। यूपी की पहचान है अयोध्या-काशी है न कि गुंडागर्दी। उत्तर प्रदेशके सीएम योगी आदित्यनाथ काफी आश्वस्त हैं कि भाजपा इस बार फिर से पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जा रही है। वे कहते हैं कि पहले जिस तरफ भी जाओ, प्रदेश में दंगा, गुडागर्दी थी, जबकि अब अयोध्या, मथुरा-काशी के नाम से उत्तर प्रदेश पहचाना जाता है। वह सख्त कानून व्यवस्था और बदली प्रदेश की छवि को अपनी सबसे बड़ी उपलब्धि मानते हैं। वे कहते हैं कि चुनाव जातियों से बाहर निकलकर 2017 की तर्ज पर जीत की तरफ बढ़ रहा है।
भाजपा की डबल इंजन सरकार ने जिस पारदर्शिता से प्रदेश को आगे बढ़ाया है, उसे हर व्यक्ति ने अपने सीने से लगाया है। हर मतदाता इस बार फिर से भाजपा को जिताने के लिए कटिबद्ध है। राष्ट्रवाद, सुरक्षा, विकास और सुशासन हमारे मुख्य मुद्दे रहे हैं। पांच साल में सपा की सरकार में 700 से ज्यादा दंगे हुए, जबकि हमारी सरकार में एक भी दंगा नहीं। आज हर घर की बहू, बेटी-बहन सुरक्षित है। वे कहते हैं कि जनता कानून व्यवस्था के मुद्दे पर उनके साथ है। जब हमने माफियाओं के आशियानों पर बुलडोजर चलाया तो 403 विधानसभाओं में कहीं भी जनता का विरोध नहीं हुआ।