
देहरादून, 26 सितंबर, 26. मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश में अगले दो दिनों तक भारी बारिश को लेकर रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इसके तहत शनिवार को प्रदेश के पांच पर्वतीय जिलों में भारी से अत्यंत भारी बारिश की संभावना जताते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है.
इसका असर प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक देखा जा रहा है. भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग ने मौसम साफ होने तक चारधाम यात्रा, हेमकुंड साहिब की यात्रा और ट्रेकिंग पर रोक लगा दी है. इसके साथ ही प्रदेश की जनता से यह भी अपील की गई है कि भारी बारिश के दौरान यात्रा करने से बचें.
रेड अलर्ट ने रोकी चारधाम यात्रा
दरअसल, 26 और 27 सितंबर को मौसम विभाग ने गढ़वाल मंडल के तमाम क्षेत्रों में ऑरेंज एवं रेड अलर्ट जारी किया है. वर्तमान में चारधाम यात्रा भी जोर शोर से चल रही है. मौसम की संभावित परिस्थितियों को देखते हुए शुक्रवार को आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप ने गढ़वाल मंडल के सभी जिलाधिकारी के साथ बैठक की थी.
शनिवार की दोपहर से चारधाम यात्रा रोकने की प्लानिंग हो रही है. ऐसे में रविवार की शाम तक या फिर मौसम सामान्य होने तक यात्रा रुकी रहेगी. हालांकि, कल शाम तक मौसम सामान्य होने की उम्मीद है. उसके बाद चारधाम यात्रा शुरू कर दी जाएगी.
– विनोद सुमन, सचिव, आपदा प्रबंधन विभाग
सुरक्षा के मद्देनजर रोकी गयी केदारनाथ यात्रा
गढ़वाल आयुक्त और रुद्रप्रयाग प्रशासन ने तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए यह कदम उठाया है। लगातार हो रही बारिश के चलते भूस्खलन और पहाड़ियों से पत्थर गिरने का खतरा बढ़ जाता है। इसी के मद्देनजर केदारनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को सोनप्रयाग, गौरीकुंड और अन्य सुरक्षित होल्डिंग प्वाइंट्स पर ही रोक दिया गया है। इसके साथ ही केदारनाथ से संचालित होने वाली हेलीकाप्टर सेवाएं भी पूरी तर निलंबित कर दी गयी हैं।
गंगोत्री और यमुनोत्री यात्रा पर रोक
मौसम विभाग की ओर से उत्तरकाशी जनपद में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है. जिसके बाद जिला प्रशासन ने चारधाम यात्रा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है. जिलाधिकारी के निर्देश पर हीना और दोबाटा होल्डिंग प्वाइंट पर गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है. प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मौसम की स्थिति सामान्य होने तक दोनों धामों की ओर यात्रियों की आवाजाही पर निगरानी बढ़ा दी है.
ट्रेकिंग पर भी रोक
खराब मौसम को देखते हुए लोगों से यात्रा न करने की अपील की गई है. साथ ही ऐहतियात के तौर पर चारधाम की यात्रा कुछ समय के लिए रोकी गई है. ऐसे में मौसम सुचारू होने के बाद यात्रा खोल दी जाएगी. साथ ही बताया कि चारधाम, हेमकुंड साहिब के साथ ही ट्रेक्स पर भी रोक लगाई गई है, क्योंकि भारी बारिश के दौरान यात्रा करना काफी अधिक खतरनाक हो सकता है, जिसके चलते यात्रा पर रोक लगाई गई है. भारी बारिश के दौरान लैंडस्लाइड होने की भी आशंका बढ़ जाती है, जिस दौरान यात्रा करना सुरक्षित नहीं होता है. इसको देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी अपील की है कि बेवजह यात्रा न करें.
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 27 सितम्बर को देहरादून, हरिद्वार, टिहरी और पौड़ी में रेड अलर्ट जारी है. जिसके तहत पूरे प्रदेश में घने बादल छाए रहेंगे और पूरे प्रदेश में भारी बारिश की संभावना है. कई जिलों में गर्जन के साथ मूसलाधार बारिश और संवेदनशील इलाकों में जलभराव/भूस्खलन की आशंका जताई गयी है।



