उत्तराखंडदेश-विदेशबड़ी खबरसामाजिकस्वास्थ्य

देवप्रयाग घूमने आए झारखंड के दो युवक अलकनंदा में बहे, दोस्त को बचाने में गयी दोनों की जान

देवप्रयाग, 4 अक्टूबर, 26. देवप्रयाग संगम पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार दोपहर भागीरथी-अलकनंदा के पवित्र संगम तट पर झारखंड से पहुंचे तीर्थयात्रियों के दल में उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब उनके दो युवा साथी अचानक गंगा की विकराल धारा की चपेट में आकर बह गए। दरअसल संगम तट पर स्नान के दौरान दोनों युवक सुरक्षा के लिए लगाई गई रस्सियों और चेतावनी सीमा के पार चले गये थे। हालांकि मौके पर मौजूद जल पुलिस ने उन्हें बार-बार आगे न जाने की चेतावनी भी दी, लेकिन वे बहाव की तरफ आगे बढ़ते चले गये और तेज धारा की चपेट में आ गये।

पिछले तीन दिन में तीन युवक डूब चुके हैं अलकनंदा में
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्नान के दौरान पहले एक युवक तेज बहाव की चपेट में आकर बहने लगा। जिसे बचाने के लिए उसके साथी ने कोशिश की, लेकिन इस दौरान दूसरा दोस्त भी बह गया। दोनों युवक काफी दूर तक पानी के ऊपर संघर्ष करते नजर आते दिखे और फिर पलक झपकते ही आंखों से ओझल हो गए। बीते तीन दिन के भीतर संगम तट पर तीन नौजवानों के डूबने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।

बोकारो, झारखंड के सेक्टर-9 स्टील सिटी निवासी आशुतोष पुत्र(24)अजय और आयुष पुत्र गोपाल(24) अपने दल के साथ देवप्रयाग पहुंचे थे। दोपहर में स्नान के दौरान दोनों युवक संगम तट पर सुरक्षा के मद्देनजर लगाई गई रस्सियों और चेतावनी घेरे को लांघकर आगे निकल गए थे।
प्रशांत बहुगुणा, थाना प्रभारी कोतवाल

जल पुलिस के जवानों ने उन्हें बार-बार चेतावनी देकर वापस लौटने को कहा, लेकिन उन्होंने चेतावनी को अनसुना कर दिया। इसके बाद यह दर्दनाक हादसा हो गया.जिसमें एक को बचाते-बचाते दूसरा भी गहरे पानी में समा गया। तमाम प्रशासनिक प्रयासों के बावजूद संगम तट पर लगातार हो रहे हादसों ने स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं की चिंता बढ़ा दी है।

Related Articles

Back to top button