
देहरादून, 4 अक्टूबर, 26. उत्तराखंड की राजधानी में इन दिनों 11वां देहरादून इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल चल रहा है. देहरादून इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के दूसरे दिन फिल्मी सितारों ने समां बांधा. साथ ही इन सेलिब्रिटीज ने युवाओं से खुलकर बातचीत की. जिसमें कलाकारों ने अपने संघर्ष, किरदार और जिंदगी के अनुभव साझा किए.
देहरादून में चल रहे 11वें देहरादून इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के दूसरे दिन तुलाज़ यूनिवर्सिटी में सिनेमा और सितारों के नाम रहा. फिल्म और टीवी जगत के कई चर्चित कलाकारों ने विद्यार्थियों से सीधे बातचीत की और अपने फिल्मी सफर से जुड़े किस्से साझा किए. हितेन तेजवानी, गौरी प्रधान तेजवानी, मुकेश ऋषि, राजेश तैलांग, श्वेता त्रिपाठी, अर्जुन फिरोज खान, राजन मोदी और दीपक पाराशर ने अलग-अलग इंटरैक्टिव टॉक शो में हिस्सा लिया.
कलाकारों ने अपने काम और किरदारों की बातें कीं, वहीं युवाओं को यह भी बताया कि अपने पसंद के काम को आगे बढ़ाने के लिए लगातार कोशिश करते रहना कितना जरूरी है. कार्यक्रम में आगामी फिल्म ‘मिसाल’ का ट्रेलर भी दिखाया गया. राजीव एस. रुइया के निर्देशन में बनी यह फिल्म वास्तविक जीवन की कहानी पर आधारित है.
फिल्म और टीवी अभिनेता हितेन तेजवानी ने बातचीत के दौरान कहा कि वह काम के अंतिम नतीजे को लेकर ज्यादा चिंता नहीं करते. उनके मुताबिक कलाकार का काम अपना 100 प्रतिशत देना है. आखिर में फैसला दर्शक करते हैं. ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ और ‘पवित्र रिश्ता’ जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों से पहचान बनाने वाले हितेन ने फिल्म ‘मिसाल’ में अपने किरदार को भी अपने लिए अलग अनुभव बताया. उनकी पत्नी और अभिनेत्री गौरी प्रधान तेजवानी ने भी विद्यार्थियों से ‘मिसाल’ देखने की अपील की.
वरिष्ठ अभिनेता मुकेश ऋषि ने देहरादून से अपने पुराने रिश्ते को याद किया. उन्होंने बताया वह कई बार देहरादून आ चुके हैं. यहां कुछ सीरीज में भी काम कर चुके हैं. चंडीगढ़ में पढ़ाई के दौरान अपनी रॉयल एनफील्ड से देहरादून आने के दिनों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि वह उनके लिए बेहद खूबसूरत समय था.
वहीं अर्जुन फिरोज खान ने ‘महाभारत’ में अर्जुन का किरदार मिलने की कहानी सुनाकर छात्रों को चौंका दिया. उन्होंने बताया शुरुआत में उन्हें ऑडिशन से इसलिए बाहर कर दिया गया था क्योंकि स्क्रिप्ट हिंदी में थी. उस समय वह हिंदी पढ़ नहीं पाते थे. बीआर. चोपड़ा ने उनमें कुछ खास देखा. बाद में उन्हें अर्जुन की भूमिका मिल गई.
कार्यक्रम में अभिनेता राजन मोदी और वरिष्ठ अभिनेता दीपक पाराशर ने भी विद्यार्थियों से बातचीत की. राजन मोदी ने कहा हर कलाकार चाहता है कि उसकी फिल्म सुपरहिट हो, लेकिन हर फिल्म सफल नहीं होती. ऐसे में सफलता या असफलता से ज्यादा जरूरी है कि कलाकार मेहनत करना न छोड़े.



