खेलदेश-विदेशमनोरंजनयूथ कार्नर

खतरों के खिलाड़ी सीजन 15 का ताज अविनाश मिश्रा के सिर सजा, ट्रॉफी के साथ जीते 20 लाख

नई दिल्ली, 4 अक्टूबर, 26. फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के स्टंट बेस्ड शो ‘खतरों के खिलाड़ी’ के 15वें सीजन का विजेता घोषित हो चुका है. पॉपुलर एक्टर अविनाश मिश्रा के सिर शो का ताज सजा है. फिनाले स्टंट में उन्होंने ऋत्विक धनजानी और ओरी को पीछे छोड़कर जीत हासिल की. अविनाश को ट्रॉफी के साथ 20 लाख रुपये की प्राइज मनी, यूरोप घूमने का मौका और एक कार भी मिली है. इस सीजन में शो में हिस्सा लेने वाले हर कंटेस्टेंट को एक बाइक भी दी गई.

जीत के बाद क्या बोले अविनाश
जीत के बाद अविनाश ने कहा कि उनके लिए ये शो दूसरों को खुद को साबित करने से ज्यादा, खुद को पहचानने का सफर था. उन्होंने कहा- खतरों के खिलाड़ी जीतना मेरे लिए बहुत खास है. जब मैंने शो साइन किया था, तब लगा था कि मुझे खुद को साबित करना है. लेकिन इस सफर में मुझे एहसास हुआ कि जिसे मुझे साबित करना था, वो कोई और नहीं बल्कि मैं खुद था. कई सालों से लोग मुझे टीवी और एक गुड-लुकिंग एक्टर के तौर पर जानते हैं. मुझे ये सफर पसंद आया लेकिन मैं हमेशा से चाहता था कि लोग मेरे अंदर की और भी खूबियां देखें.

गेम में शारीरिक से बड़ी दिमागी लड़ाई थी
अविनाश ने आगे बताया कि शो ने उन्हें सबसे बड़ी सीख क्या दी. उन्होंने कहा- इस पूरे सफर में सबसे बड़ी लड़ाई दिमाग की थी. आप खुद को शारीरिक तौर पर तैयार कर सकते हैं, लेकिन जब आप किसी डरावने स्टंट के सामने खड़े होते हैं, तब कुछ भी दिखावा नहीं बचता. उस वक्त सिर्फ आप होते हैं, आपका डर होता है और उस पल लिया गया आपका फैसला होता है. मैं खतरों के खिलाड़ी में खुद को टेस्ट करने आया था, लेकिन यहां से मैं खुद पर पहले से कहीं ज्यादा भरोसा लेकर जा रहा हूं. मेरे लिए यही सबसे बड़ी जीत है.

कैसा था अविनाश का सफर
अविनाश के लिए ये शो एक बड़ा टेस्ट था और आखिरकार खुद को एक अलग अंदाज में साबित करने का मौका भी था. अब तक अविनाश को ज्यादातर टीवी के काम और उनके गुड लुक्स के लिए जाना जाता था, लेकिन इस सीजन में उन्होंने धीरे-धीरे खुद को सबसे मजबूत स्टंट परफॉर्मर्स में शामिल कर लिया.

टॉप 5 में ऋत्विक और करण वाही को पछाड़ा
उनके सफर की शुरुआत में ही टीम वीक के दौरान उनकी परफॉर्मेंस काफी शानदार रही. कई मुश्किल स्टंट्स में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद उन्हें रोहित शेट्टी के साइन की हुई कस्टम फियर जैकेट भी मिली. लेकिन उनके सफर में असली बदलाव तब आया, जब उन्होंने एक अंडरवॉटर स्टंट किया. इस स्टंट में उनका मुकाबला शो के अनुभवी कंटेस्टेंट करण वाही से हुआ. अविनाश ने करण को हराकर टॉप 5 में जगह बनाई और सीजन के पहले फाइनलिस्ट बन गए. इसके बाद उन्होंने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया और फिनाले तक पहुंचे. आखिरकार उन्होंने खतरों के खिलाड़ी 15 की ट्रॉफी अपने नाम कर ली.

Related Articles

Back to top button