KBC के मंच पर उत्तराखंड की लोक संस्कृति और पहाड़ी टोपी की अमिट छाप छोड़ गये लोकेंद्र

देहरादून, 14 अक्टूबर, 26. कौन बनेगा करोड़पति (केबीसी) के मंच पर पहुंचकर देहरादून के लोकेंद्र सोनी ने उत्तराखंड की लोक संस्कृति की झलक पेश की। पारंपरिक पहाड़ी वेशभूषा में पहुंचे लोकेंद्र ने अमिताभ बच्चन को पहाड़ी टोपी भेंट की। भले ही वह हाट सीट तक नहीं पहुंच सके, लेकिन इसके लिए हुए मुकाबले में अंतिम दो प्रतिभागियों में जगह बनाना उनके लिए खास उपलब्धि रही। कार्यक्रम का प्रसारण 12 अक्टूबर को रात नौ बजे हुआ।
हॉट सीट के मुकाबले में अंतिम दो तक पहुंचे
टीएचडीसी कालोनी देहराखास निवासी लोकेंद्र ने बताया कि केबीसी तक पहुंचने के लिए उन्हें टेलीफोन, कंप्यूटर आधारित और लखनऊ में आयोजित चयन प्रक्रिया के तीन चरण पार करने पड़े। इसके बाद वह शीर्ष 10 प्रतिभागियों में शामिल हुए और हॉट सीट के मुकाबले में अंतिम दो तक पहुंचे। लोकेंद्र के अनुसार, अमिताभ बच्चन पूरे कार्यक्रम के दौरान माहौल को सहज बनाए रखते हैं। बातचीत में उन्होंने मजाकिया अंदाज में पूछा, ””भाई साहब, आपने कभी इश्क किया है?”” गहरे मेरून रंग की पहाड़ी टोपी देखकर अमिताभ बच्चन प्रसन्न हुए और इसे पहनने की बात कही।
अमिताभ बच्चन को दिया खास तोहफा
शो के दौरान लोकेंद्र ने सदी के महानायक अमिताभ बच्चन को उत्तराखंड की पारंपरिक पहाड़ी टोपी भेंट की। इस अनूठे उपहार और उनकी सादगी से प्रसन्न होकर अमिताभ बच्चन ने न केवल उनका आभार जताया, बल्कि उसे पहनने की इच्छा भी जाहिर की।
लोकेंद्र अपनी दिव्यांग पत्नी गीता सोनी के साथ धर्मपुर में ‘पिहू राही स्पीच एंड हियरिंग सेंटर’ संचालित करते हैं। यहां बोलने और सुनने संबंधी कठिनाइयों का सामना कर रहे लोगों को स्पीच थेरेपी सहित जरूरी सेवाएं दी जाती हैं। गीता भी लोकेंद्र के केबीसी के सफर में साए की तरह उनके साथ रहीं। इस केंद्र के माध्यम से वे सुनने और बोलने में असमर्थ लोगों को स्पीच थेरेपी जैसी जरूरी सेवाएं प्रदान करते हैं।



