
स्पोर्ट्स डेस्क। पुर्तगाल के स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने इंटरनेशनल फुटबॉल से रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया है. इसके साथ ही पुर्तगाल के लिए उनके शानदार 23 साल के करियर का समापन हो गया. उन्होंने ये बड़ा फैसला उस समय लिया है जब उनके ही देश के फुटबॉल महासंघ ने नेशंस लीग के दौरान कोच से विवाद के बाद टीम के कैंप को छोड़कर चले जाने पर जुर्माना लगया था. रोनाल्डो पर 30 दिन का प्रतिबंध और 255 यूरो (27,141 रुपये) का जुर्माना लगाया गया था.
इस जुर्माने की वजह से वो 30 सितंबर से 30 अक्टूबर तक अपने देश के लिए नहीं खेल सके, लेकिन अब वो अपने देश के लिए कभी नहीं खेल पाएंगे, क्योंकि उन्होंने इंटरनेशनल फुटबॉल से रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया है. 41 वर्षीय फॉरवर्ड ने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो के जरिए अपने फैसले की पुष्टि की.
रोनाल्डो ने क्या कहा?
Portugal estará sempre em mim pic.twitter.com/dnFj51rxmh
— Cristiano Ronaldo (@Cristiano) November 5, 2026
अपने रिटायरमेंट संदेश में, रोनाल्डो ने पुर्तगाल का प्रतिनिधित्व करने को अपने करियर का सबसे बड़ा सम्मान बताया. उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि उनकी मशहूर ‘नंबर 7’ जर्सी अगली पीढ़ी को सौंप दी जाए. उन्होंने एक्स पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा, ‘पुर्तगाल के लोगों, अब समय आ गया है कि नेशनल टीम की नंबर 7 जर्सी आप सभी को वापस सौंप दी जाए. मुझे कभी ऐसा नहीं लगा कि यह सिर्फ मेरी है, लेकिन 23 सालों तक मुझे इसे पहनने, इसका मान रखने और दुनिया भर के स्टेडियमों में इसे अपने साथ ले जाने का सौभाग्य और जिम्मेदारी मिली. आज इसे भविष्य को सौंपने का समय आ गया है.’
अपने सफर को याद करते हुए, रोनाल्डो ने माना कि उनके करियर में कई यादगार जीतें रहीं, तो कुछ मुश्किल पल भी आए. लेकिन उन्होंने जोर देकर कहा कि नेशनल टीम के प्रति उनका समर्पण कभी कम नहीं हुआ. उन्होंने आखिर में कहा, ‘आज मैं राष्ट्रीय टीम के साथ मैदान पर अपना सफर खत्म कर रहा हूं, मैं अपना सिर ऊंचा करके जा रहा हूं, अपने तय किए गए रास्ते पर गर्व महसूस करते हुए, और इस संतुष्टि के साथ कि मैंने पुर्तगाल के लिए अपना सब कुछ दे दिया. लेकिन मैं हमेशा आप में से ही एक बना रहूंगा. आज मुझे एहसास हो रहा है कि मेरी सबसे बड़ी जीत यह थी कि मुझे दुनिया के सबसे बेहतरीन देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला. इन 23 सालों के लिए धन्यवाद, मुझ पर भरोसा करने के लिए धन्यवाद.’
बता दें कि फीफा वर्ल्ड कप 2026 के बाद ये दूसरा बड़ा रिटायरमेंट है. इससे पहले अर्जेंटीना के स्टार खिलाड़ी लियोनल मेसी ने इंटरनेशनल फुटबॉल को अलविदा कहा, और अब रोनाल्डो ने ये संन्यास लेकर अपने फैंस को बड़ा झटका दिया है.
‘बैलोन डी’ओर ऑफ ऑल टाइम’ का जीता अवॉर्ड
हाल ही में रोनाल्डो ने लियोनल मेसी को पछाड़कर ‘बैलोन डी’ओर ऑफ ऑल टाइम’ (B.O.A.T.) का अवॉर्ड जीता था. इस अवॉर्ड के विनर का फैसला फैंस के वोटों की बुनियाद पर किया जाता है. जिसमें बैलोन डी’ओर जीतने वाले खिलाड़ी के सीजन के बेस्ट सीजन को वोट किया जाता है. जिस खिलाड़ी को ज्यादा वोट मिलता वो खिलाड़ी ‘बैलोन डी’ओर ऑफ ऑल टाइम’ अवॉर्ड का विनर बन जाता है. फैंस ने B.O.A.T. अवॉर्ड के लिए रोनाल्डो के 2008 के सीजन को सबसे ज्यादा पसंद किया जबकि मेसी के रिकॉर्ड तोड़ने वाले 2012 के सीजन दूसरे नंबर पर रहा.
पांच बार जीता बैलोन डी’ओर अवॉर्ड
पुर्तगाल का या स्टार खिलाड़ी पांच बार (2008, 2013, 2014, 2016, 2017) बैलोन डी’ओर अवॉर्ड जीता है. जो कि फुटबॉल के इतिहास में सबसे ज्यादा बार ये अवॉर्ड जीतने वाले दूसरे खिलाड़ी हैं. पहले नंबर पर मेसी हैं, जिन्होंने 2009, 2010, 2011, 2012, 2015, 2019, 2021 और 2023 में ये बड़ा अवॉर्ड अपने नाम किया.
रोनाल्डो का इंटरनेशनल फुटबॉल करियर
रोनाल्ड ने 20 अगस्त 2003 को इंटरनेशनल मैच में डेब्यू किया था. तब से वो अपने देश का नाम रोशन करने में लगे रहे. उन्होंने अपने देश पुर्तगाल के लिए 234 मैच खेले, जिसमें उनके नाम 146 गोल हैं. रोनाल्डो अब सिर्फ क्लब के लिए खेलते हुए नजर आएंगे. अभी वो सऊदी अरब की क्लब टीम अल-नासर के लिए खेलते हैं.



