उत्तराखंडक्राइमदेश-विदेशबड़ी खबरयूथ कार्नरशिक्षासामाजिक

ब्रिटेन की जेल में बंद है रामनगर के भारतीय मर्चेंट नेवी कैप्टन अजय पंत, पत्नी कर रही है कानूनी लड़ाई की तैयारी

रामनगर, 11 नवम्बर, 26. सात समंदर पार जहाज चलाकर देश-विदेश में अपनी सेवाएं देने वाले रामनगर के कैप्टन अजय पंत आज ब्रिटेन की जेल में बंद हैं. रूस पर लगाए गए पश्चिमी देशों के प्रतिबंधों के उल्लंघन के आरोप में उनकी गिरफ्तारी हुई थी. लेकिन इस मुश्किल घड़ी में उनकी पत्नी ऋतु पंत ने हिम्मत नहीं हारी है. पति की रिहाई के लिए ऋतु लगातार संघर्ष कर रही हैं. दुनिया भर के नाविक समुदाय से मिल रहे समर्थन ने उनकी उम्मीदों को और मजबूत किया है. अब ऋतु आने वाले मुकदमे की तैयारी में जुटी हैं और परिवार की जिम्मेदारियां भी संभाल रही हैं.

ब्रिटिश जेल में बंद कैप्टन अजय पंत की रिहाई के प्रयास जारी
कैप्टन अजय पंत का मामला भारतीय समुद्री जगत से जुड़ा एक बेहद गंभीर और चर्चा में रहने वाला मामला बन गया है. रामनगर निवासी कैप्टन अजय पंत पिछले करीब 18 वर्षों से समुद्र में जहाजों का संचालन कर रहे थे. अपने काम के सिलसिले में वह साल के छह से सात महीने समुद्र में ही बिताते थे. लेकिन इस बार समुद्र का सफर उनके लिए एक ऐसी मुश्किल बन गया, जिसने पूरे परिवार की जिंदगी बदल दी.

ये है कैप्टन अजय पंत का पूरा मामला
25 अप्रैल को अजय पंत ओडिशा के पारादीप बंदरगाह से एमटी स्मर्टोस नाम के कच्चे तेल के टैंकर पर रवाना हुए थे. जून के मध्य में उनकी पत्नी ऋतु को सोशल मीडिया के जरिए जानकारी मिली कि उनके पति के जहाज को ब्रिटिश सशस्त्र बलों ने अपने कब्जे में ले लिया है. बताया जा रहा है कि इस जहाज पर पश्चिमी देशों ने प्रतिबंध लगाए हुए हैं. आरोप है कि यह रूस के तथाकथित शैडो फ्लीट का हिस्सा है. शैडो फ्लीट उन जहाजों का नेटवर्क है, जिनके जरिए अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों से बचते हुए रूस का तेल और गैस दूसरे देशों तक पहुंचाया जाता है.

ब्रिटेन का आरोप है कि कैप्टन अजय पंत ने इस जहाज का संचालन कर रूस के खिलाफ लगाए गए प्रतिबंधों का उल्लंघन किया. इसी मामले में उन्हें गिरफ्तार किया गया. इस गिरफ्तारी ने नाविकों के अधिकारों को लेकर भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बहस छेड़ दी है. इंटरनेशनल ट्रांसपोर्ट वर्कर्स फेडरेशन यानी आईटीएफ के ब्रिटेन प्रतिनिधि टोनी पैटन ने इसे असाधारण मामला बताया है. उनका कहना है कि यूरोप के दूसरे देशों ने भी प्रतिबंधित जहाजों को कब्जे में लिया है, लेकिन आमतौर पर उनके चालक दल के सदस्यों को गिरफ्तार नहीं किया गया. फ्रांस और फिनलैंड में भी रूसी शैडो फ्लीट से जुड़े मामलों में कानूनी कार्रवाई हुई है, लेकिन वहां नाविकों के खिलाफ कार्रवाई का तरीका अलग रहा है.

अगले मुकदमे पर टिकी हैं निगाहें
ऐसे में अब सबकी निगाहें कैप्टन अजय पंत के आगामी मुकदमे पर टिकी हैं. एक तरफ ब्रिटेन में कानूनी लड़ाई की तैयारी है, तो दूसरी तरफ रामनगर में उनका परिवार उनकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठा है. पत्नी ऋतु पंत का संघर्ष सिर्फ अपने पति को वापस लाने की लड़ाई नहीं, बल्कि समुद्र में काम करने वाले हजारों भारतीय नाविकों के अधिकारों से जुड़ा एक बड़ा सवाल भी खड़ा कर रहा है.

पंत परिवार लड़ेगा कानूनी लड़ाई
अब देखना होगा कि अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों और समुद्री कानूनों के बीच फंसे रामनगर के कैप्टन अजय पंत को कब राहत मिलती है और उनकी घर वापसी का इंतजार कब खत्म होता है.

हमारे लिए ये कठिन समय है. मेरे पति वहां और हम उनकी सुरक्षित रिहाई के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं. अब हम कानूनी लड़ाई लड़ने जा रहे हैं.
-ऋतु पंत, कैप्टन अजय पंत की पत्नी

Related Articles

Back to top button