उत्तराखंडदेश-विदेशसामाजिक

रेखा आर्य के बरेली बंगले पर नहीं चलेगा बुलडोजर! BDA सचिव बोले- नया नोटिस नहीं दिया गया

बरेली, 17 नवम्बर, 26. उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और पप्पू गिरधारी से जुड़े आलीशान बंगले के ध्वस्तीकरण पर फिलहाल रोक लग गई है. बरेली विकास प्राधिकरण के सचिव हिमांशु गुप्ता ने बताया कि ध्वस्तीकरण को लेकर कोई नया नोटिस जारी नहीं किया गया है. उन्होंने मामले में अब तक हुई कार्रवाई और कंपाउंडिंग की प्रक्रिया की जानकारी भी दी.

बीडीए सचिव हिमांशु गुप्ता ने बताया, संबंधित बंगले का नक्शा वर्ष 2024 में कंपाउंडिंग के लिए प्राधिकरण में जमा कराया गया था. कंपाउंडिंग का मतलब निर्माण को निर्धारित नियमों और मानकों के तहत नियमित कराना होता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमानुसार किसी भी भवन का निर्माण शुरू करने से पहले नक्शा पास कराना अनिवार्य है. पहले निर्माण और बाद में नक्शा पास कराने की प्रक्रिया नियमों के अनुरूप नहीं है.

हिमांशु गुप्ता ने बताया कि इस मामले में पहले भी प्राधिकरण की ओर से नोटिस जारी किए जा चुके हैं. वर्ष 2025 में नए बिल्डिंग बायलॉज लागू होने के बाद फरवरी 2026 में नोटिस दिया गया था. इसके बाद फरवरी और सितंबर में भी दोबारा नोटिस जारी कर निर्माण में सामने आई कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए.

उन्होंने बताया कि कंपाउंडिंग की प्रक्रिया सामान्य नहीं है और इसे पूरा करने में समय लगता है. इसके लिए संबंधित विभागों से अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त करना जरूरी होता है. सभी विभागों की आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने और जरूरी दस्तावेज मिलने के बाद ही कंपाउंडिंग पर आगे निर्णय लिया जा सकता है. बीडीए सचिव के इस बयान से फिलहाल बंगले के तत्काल ध्वस्तीकरण की चर्चाओं पर विराम लगा है. हालांकि, कंपाउंडिंग की प्रक्रिया पूरी होने और प्राधिकरण के अंतिम निर्णय के बाद ही बंगले के भविष्य को लेकर स्थिति पूरी तरह साफ हो सकेगी.

Related Articles

Back to top button