
ऋषिकेश/टिहरी, 17 नवम्बर, 26. उत्तराखंड में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. आए दिन सड़क हादसों में लोगों की जान जा रही हैं. वहीं ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर ताजा दर्दनाक बस हादसे ने एक बार फिर हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के गूलर के पास हरिद्वार से जोशीमठ जा रही यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी. हादसा में 9 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 25 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. अब इस हादसे की वजह पर एक घायल यात्री ने पर्दा उठा दिया है.
घायल पंकज ने इस भयावह मंजर को अपनी आंखों से देखा, वो भी इसी बस में सवार थे. पंकज ने हादसे के पीछे चालक की बड़ी लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है. इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती पंकज ने बताया कि सफर की शुरुआत से ही बस की रफ्तार काफी तेज थी. पहाड़ी रास्तों के खतरनाक मोड़ों पर भी चालक बस की स्पीड कम नहीं कर रहा था. पंकज के अनुसार, बस में सवार कई यात्रियों ने खतरे को भांपते हुए चालक को बार-बार टोका और गाड़ी धीमे चलाने को कहा.
लेकिन, चालक ने यात्रियों की चेतावनी को पूरी तरह अनसुना कर दिया. देखते ही देखते बस कुछ दूरी पर हादसे का शिकार हो गई. घायल पंकज ने बताया कि कुछ ही पल बाद गूलर के पास एक मोड़ पर बस चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बस सीधे गहरी खाई में जा गिरी. बस खाई में गिरते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई. घायल लोग मदद के लिए पुकारने लगे.
गूलर के पास हुए हादसे में रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा हो चुका है. बस में कुल 34 लोग सवार थे. हादसे में 9 लोगों की जान गई है. 25 लोग घायल हैं.
-प्रदीप चौहान, इंस्पेक्टर, मुनि की रेती
गौर हो कि आज सुबह उत्तराखंड में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. यहां गूलर के पास हरिद्वार से जोशीमठ जा रही सवारियों से भरी एक बस हादसे का शिकार हो गई. तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी. हादसे में 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 25 लोग गंभीर घायल हो गए. बस में करीब 34 लोग सवार बताए गए हैं. वहीं गूलर बस हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पीएम मोदी के साथ सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी दुख जताया है.



