उत्तराखंडदेश-विदेशयूथ कार्नरशिक्षा

UOU के 11वें दीक्षांत समारोह में 36 मेधावियों को राज्यपाल बिसेन ने दिये गोल्ड मेडल

हल्द्वानी, 18 नवम्बर, 26. उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय UOU का 11वां दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया. समारोह में राज्यपाल ढाल सिंह बिसेन ने मुख्य अतिथि और उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की. इस दौरान 36 मेधावी शिक्षार्थियों को स्वर्ण पदक से नवाजा गया. जबकि, 14 हजार 857 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं. वहीं, पूर्व रेलवे बोर्ड अध्यक्ष अश्वनी लोहानी को मानद उपाधि देकर सम्मानित किया गया.

हल्द्वानी में उत्तराखंड ओपन यूनिवर्सिटी UOU का 11वां दीक्षांत समारोह शिक्षा, उपलब्धि और सम्मान के नाम रहा. विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित इस भव्य समारोह में प्रदेश के राज्यपाल ढाल सिंह बिसेन ने शिरकत की. समारोह में बड़ी संख्या में छात्रों, शिक्षाविदों और विवि से जुड़े लोगों की मौजूदगी रही. दीक्षांत समारोह के दौरान  UOU की विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया.

36 छात्रों को मिला गोल्ड मेडल, 14,857 छात्रों को दी गई उपाधियां
अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर मुकाम हासिल करने वाले 36 छात्रों को गोल्ड मेडल दिए गए. वहीं, विभिन्न पाठ्यक्रमों में अध्ययन पूरा करने वाले 14,857 छात्रों को उपाधियां देकर उनके शैक्षणिक सफर की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि पर मुहर लगाई गई. उपाधि और पदक हासिल करने वाले छात्रों के लिए यह पल सालों की मेहनत, संघर्ष और समर्पण का प्रतिफल बना.

पूर्व रेलवे बोर्ड अध्यक्ष अश्वनी लोहानी मानद उपाधि से सम्मानित
समारोह में एक खास उपलब्धि भारतीय रेल सेवा के रिटायर्ड अधिकारी और पूर्व रेलवे बोर्ड अध्यक्ष अश्वनी लोहानी के सम्मान के रूप में भी देखने को मिली. विवि की ओर से उन्हें मानद उपाधि दी गई. प्रशासनिक और व्यावसायिक क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के मद्देनजर यह सम्मान दिया गया.

उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में नए नवाचार के साथ दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में काम करता है. जहां पर छात्र किन्ही कारणों से पढ़ नहीं पाते हैं या आगे की पढ़ाई छोड़ देते हैं, उनकी पढ़ाई पूरी करने और उन्हें डिग्री मुहैया कराने में मुक्त विश्वविद्यालय अहम भूमिका निभा रहा है.
-ढाल सिंह बिसेन, राज्यपाल, उत्तराखंड

वहीं, समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल प्रमाण पत्र या डिग्री हासिल करना नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति के विचार, व्यवहार और व्यक्तित्व को बेहतर बनाने का जरिया भी है. बदलते दौर में उच्च शिक्षा की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है. ऐसे में विश्वविद्यालयों की जिम्मेदारी है कि वे विद्यार्थियों को ज्ञान के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का बोध भी कराएं.

Related Articles

Back to top button