उत्तराखंडदेश-विदेशयूथ कार्नरशिक्षासामाजिक

नेपाल पशुपतिनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए गंगोत्री धाम के 5000 लीटर गंगाजल के साथ कलश यात्रा रवाना

हरिद्वार, 19 नवम्बर, 26, नेपाल के प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर में भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए गंगा कलश यात्रा रवाना गंगोत्री धाम से रवाना हो गई है. बुधवार को गंगोत्री धाम के रावल शिवप्रकाश महाराज की ओर से एक बड़े कलश में पांच हजार लीटर गंगाजल भरकर हरिद्वार लाया गया. हरिद्वार स्थित चरण पादुका मंदिर में विधिवत पूजा अर्चना के बाद गंगाजल यात्रा को नेपाल के लिए रवाना किया गया. इस दौरान अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्रपुरी और कई साधु संत मौजूद रहे.

23 नवंबर को भगवान पशुपतिनाथ का किया जाएगा जलाभिषेक
सबसे पहले चरण पादुका मंदिर में गंगाजल के पात्रों की पूजा अर्चना की गई. इसके बाद संतों ने गंगा जल को नेपाल स्थित पशुपतिनाथ मंदिर तक ले जाने की यात्रा का शुभारंभ किया. नेपाल पहुंचने के बाद 23 नवंबर को इसी गंगाजल से भगवान पशुपतिनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा. हरिद्वार से नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर तक गंगाजल पहुंचाने की यह यात्रा हर साल आयोजित की जाती है.

हर साल गंगोत्री और हरिद्वार से पशुपतिनाथ भेजा जाता है पवित्र गंगाजल
धार्मिक मान्यता के अनुसार, गंगाजल से भगवान शिव का अभिषेक करना पुण्यकारी माना जाता है. इसी परंपरा के तहत हर साल गंगोत्री धाम और हरिद्वार की पवित्र गंगा से जल नेपाल भेजा जाता है. जिससे भगवान पशुपतिनाथ का जलाभिषेक किया जाता है. इस बार भी 5000 लीटर गंगाजल के साथ ‘श्री गंगा कलश यात्रा’ रवाना हो चुकी है.

भारत और नेपाल के बीच धार्मिक एवं आध्यात्मिक संबंध सदियों पुराने हैं. गंगोत्री व हरिद्वार से गंगाजल यात्रा इसी आस्था और परंपरा का प्रतीक है. हरिद्वार से रवाना हुआ गंगाजल नेपाल पहुंचकर पशुपतिनाथ मंदिर में भगवान शिव के चरणों में अर्पित किया जाएगा.
-महंत रवींद्रपुरी महाराज, अध्यक्ष, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद 

बता दें कि पशुपतिनाथ मंदिर नेपाल की राजधानी काठमांडू में बागमती नदी के तट पर स्थित है. जो पगोड़ा शैली में है. इसे साल 1979 में यूनेस्को विश्व सांस्कृतिक विरासत स्थल के रूप में शामिल किया गया. पशुपतिनाथ मंदिर में भगवान शिव चतुर्मुख लिंग के रूप में विराजमान हैं. जिसकी काफी मान्यताएं हैं. वहीं, चारधाम यात्रा के दौरान भी नेपाल से काफी संख्या में श्रद्धालु उत्तराखंड आते हैं. जबकि, सावन मास में कई लोग गंगाजल लेकर नेपाल जाते हैं.

गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने वाले दिन गंगा कलश यात्रा प्रस्थान करती है और मुखबा (मुखीमठ) उत्तरकाशी में इसका पहला पड़ाव होता है. उसके बाद यह यात्रा हरिद्वार स्थित मां मनसा देवी चरण पादुका मंदिर पहुंची. यहां पूजा अर्चना की गई और हरिद्वार से भी गंगाजल भरकर बड़े कलश में डाला गया.
शिव प्रकाश महाराज, रावल, गंगोत्री धाम

Related Articles

Back to top button