उत्तराखंडदेश-विदेशमनोरंजनयूथ कार्नरशिक्षासामाजिक

देहरादून जू में नीली आंखों वाले White Tiger ‘तेजस’ के दीदार के लिए छात्रों का प्रवेश मुफ्त

देहरादून, 19 नवम्बर, 26. राजधानी देहरादून के मालसी स्थित चिड़ियाघर में नीली आंखों वाले White Tiger ‘तेजस’ को अब आम पर्यटक भी देख सकेंगे. गुरुवार को मुख्यमंत्री ने सफेद बाघ तेजस के बाड़ेका लोकार्पण किया. तेजस को ग्वालियर से देहरादून लाया गया था. करीब एक महीने से अधिक समय तक क्वारंटीन में रखने के बाद अब उसे पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है. मुख्यमंत्री धामी ने कॉलेज विद्यार्थियों के लिए भी मुफ्त प्रवेश की घोषणा की है. इससे पहले स्कूली बच्चों को निःशुल्क प्रवेश की सुविधा दी जा चुकी है. चिड़ियाघर में सालाना करीब 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं.

सफेद बाघ तेजस को ग्वालियर से देहरादून लाया गया था. उसके आने के बाद से ही पर्यटकों को इसका इंतजार था. वन विभाग की ओर से निर्धारित प्रक्रिया के तहत उसे अलग रखकर क्वारंटीन किया गया, ताकि नए वातावरण में उसकी सेहत और व्यवहार पर निगरानी रखी जा सके. अब क्वारंटीन अवधि पूरी होने और आवश्यक व्यवस्थाओं के बाद उसे सार्वजनिक अवलोकन के लिए उपलब्ध करा दिया गया है.

ग्वालियर से 556 किलोमीटर का सफर तय कर पहुंचा था तेजस
तेजस को मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित गांधी जूलॉजिकल पार्क से वन्यजीव आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत देहरादून लाया गया था. 28 सितंबर को करीब 556 किलोमीटर का सफर तय कर तेजस देहरादून पहुंचा था.

चिड़ियाघर के पशु चिकित्सकों ने उसकी गतिविधियों और स्वास्थ्य की नियमित जांच की. क्वारंटीन अवधि पूरी होने के बाद भी उसका बाड़ा आम लोगों के लिए नहीं खोला जा सका था. दरअसल बाड़े के लोकार्पण के लिए मुख्यमंत्री का कार्यक्रम तय होने का इंतजार किया जा रहा था. अब मुख्यमंत्री ने इसका लोकार्पण कर दिया है, जिसके बाद पर्यटकों को तेजस को देखने का मौका मिलेगा.

देहरादून जू में मौजूद White Tiger के बारे में जानकारी
White Tiger तेजस नर है, जो दो साल पांच महीने का है, ये White Royal Bengal Tiger (Panthera tigris) प्रजाति का है. देहरादून जू में टाइगर बाड़े का निर्माण केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण के नियमानुसार किया गया है, जिसकी अनुमति CZA से मिली. White Tiger तेजस को केन्द्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण की अनुमति के बाद ही वन्यजीव विनिमय कार्यक्रम के तहत प्रमुख वन संरक्षक वन्यजीव, मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक उत्तराखंड देहरादून की तरफ से जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन में गांधी जूलॉजिकल पार्क ग्वालियर म०प्र० से 27.09.2026 को रेस्क्यू कर ट्रक से28.09.2026को देहरादून जू में लगा गया था. इसके बाद तेजस को 30 दिन तक क्वारंटीन कर अलग बाड़े में रखा गया था, इसकी क्वारंटीन अवधि दिनांक 28 अक्टूबर 2026 को पूरी होने के बाद इसे श्वेत बाघ (White Tiger) बाड़े में शिफ्ट किया गया, जहां पर्यटक इसे देख सकते हैं.

स्कूल के बाद अब कॉलेज के विद्यार्थियों को भी मुफ्त प्रवेश
चिड़ियाघर को केवल पर्यटन स्थल के तौर पर विकसित करने के बजाय वन्यजीव और पर्यावरण शिक्षा के केंद्र के रूप में भी आगे बढ़ाने की कोशिश की जा रही है. इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने कॉलेजों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी मुफ्त प्रवेश देने की घोषणा की है. इससे पहले स्कूली बच्चों को निःशुल्क प्रवेश की सुविधा दी गई थी. अब कॉलेज के विद्यार्थियों को भी इसका लाभ मिलेगा. इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को वन्यजीवों, जैव विविधता और पारिस्थितिकी तंत्र के बारे में व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराना है.

Related Articles

Back to top button