PUC बार-बार बनाने की समस्या खत्म, BS-6 गाड़ियों के लिए सरकार ने बदले नियम

नई दिल्ली, 19 नवम्बर, 26. सरकार ने प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) की वैधता अवधि को संशोधित कर दिया है. इस वजह से बीएस-6 मानक वाले नए वाहनों को पीयूसी नवीनीकरण के लिए पहले की अपेक्षा अधिक समय मिलेगा, वहीं पुराने वाहनों के लिए कम समय अवधि वाली वैधता बरकरार रखी गई है.
इस संबंध में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा 13 नवंबर को अधिसूचित नए नियमों के अनुसार, छह साल तक पुराने बीएस-6 मानक वाले निजी वाहनों को हर तीन साल में पीयूसी प्रमाणपत्र बनवाना होगा. इसके अलावा छह साल से अधिक और 10 साल तक पुराने वाहनों के लिए सालाना नवीनीकरण कराना आवश्यक होगा.
वहीं, दस साल से अधिक पुराने बीएस-6 मानक वाले प्राइवेट वाहनों के प्रमाणपत्र का नवीनीकरण हर छह महीने में कराना होगा. संशोधित किए गए नियमों के तहत बीएस-6 मानक वाले कामर्शियल वाहनों के लिए भी प्रमाणपत्र की वैधता अवधि बढ़ाई गई है. इससे छह साल तक पुराने वाहनों को हर दो साल में प्रमाणपत्र का नवीनीकरण कराना होगा, वहीं छह साल से अधिक और 10 साल तक पुराने वाहनों के लिए हर साल नवीनीकरण आवश्यक होगा.
इसके अलावा, दस साल से अधिक पुराने कामर्शियल वाहनों के लिए हर छह महीने में प्रमाणपत्र का नवीनीकरण कराने की व्यवस्था पूर्व की भांति जारी रहेगी. साथ ही बीएस-1, बीएस-2 और बीएस-3 उत्सर्जन मानकों वाले वाहनों के लिए पीयूसी प्रमाणपत्र तीन महीने तक ही वैध होगा, जबकि बीएस-4 मानक वाले वाहनों के लिए इसकी वैधता अवधि छह महीने होगी.
PUC की वैधता के नए नियमों की मुख्य बातें
BS-I, BS-II और BS-III वाहन- 3 महीने
BS-IV वाहन- 6 महीने
6 साल तक पुराने BS-VI निजी वाहन- 3 साल
6 से 10 साल पुराने BS-VI निजी वाहन- 1 साल
10 साल से अधिक पुराने BS-VI निजी वाहन- 6 महीने
6 साल तक पुराने BS-VI ट्रांसपोर्ट वाहन- 2 साल
6 से 10 साल पुराने BS-VI ट्रांसपोर्ट वाहन- 1 साल
10 साल से अधिक पुराने BS-VI ट्रांसपोर्ट वाहन- 6 महीने
ये बदलाव मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के तहत केंद्रीय मोटर वाहन (16वां संशोधन) नियम, 2026 के माध्यम से अधिसूचित किए गए हैं. ये नियम राजपत्र में प्रकाशित होने के साथ ही प्रभावी हो गए हैं.
संशोधित नियमों में नवीनीकृत प्रमाणपत्र की प्रभावी डेट को लेकर भी कई चीजें स्पष्ट कर दी गई हैं. यदि प्रमाणपत्र की वैधता समाप्त होने से 10 दिन पूर्व के दौरान नवीनीकरण के लिए आवेदन किया जाता है, तो नया प्रमाणपत्र मौजूदा प्रमाणपत्र की समाप्ति तारीख से प्रभावी होगा. अन्य सभी मामलों में, वैधता समाप्त होने के बाद नवीनीकरण कराने पर नया प्रमाणपत्र नवीनीकरण की तारीख से प्रभावी होगा.
संशोधित नियम लागू होने से पहले जारी प्रमाणपत्रों पर नई वैधता अवधि तभी लागू होगी, जब नए नियम लागू होने के बाद उनका पहली बार नवीनीकरण कराया जाएगा.



