
यमकेश्वर, 19 नवम्बर, 26. उत्तराखंड के कल्जीखाल विकासखंड के एक गांव की 28 साल महिला का 9वां प्रसव होने का मामला सामने आया है. खास बात है इनमें 7 प्रसव बिना स्वास्थ्य विभाग के संज्ञान में आए घर पर हुए हैं. इन 7 प्रसव में परिवार ने किसी भी तरह की स्वास्थ्य जांच और स्वास्थ्य सहायता नहीं ली. लेकिन 9वें प्रसव के बाद महिला की तबीयत बिगड़ने पर मामला प्रशासन के संज्ञान में आया. अब मामले में नया मोड़ यह है कि प्रशासन की जांच में पूर्व में हुए दो बच्चे घर से मिसिंग बताए गए हैं.
14 साल में 9 बच्चों को दिया जन्म
पौड़ी के कल्जीखाल में 28 साल महिला द्वारा 14 साल की शादी में 9 प्रसव की जानकारी सामने आने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में मातृ स्वास्थ्य, पोषण, जागरूकता और सरकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है. लगातार गर्भधारण और पर्याप्त पोषण नहीं मिलने के कारण महिला का शरीर बेहद कमजोर हो गया है. स्वास्थ्य विभाग के अनुसार महिला में खून और पोषक तत्वों की भारी कमी है. वहीं, प्रसव के बाद उसकी शारीरिक स्थिति के साथ मानसिक स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता जताई गई है.
जानकारी के अनुसार, 28 साल की महिला का विवाह करीब 14 वर्ष पहले 21 वर्षीय युवक (वर्तमान में 35 वर्षीय) से हुआ था. 28 साल की उम्र तक वह नौ बच्चों को जन्म दे चुकी है. इनमें पांच बेटे और चार बेटियां हैं. बताया गया कि सिर्फ पहला बच्चा अस्पताल में हुआ। इसके बाद 7 प्रसव घर पर ही बिना किसी चिकित्सकीय सहायता के हुए. महिला के लगातार गर्भधारण के बावजूद स्वास्थ्य विभाग को लंबे समय तक इसकी जानकारी नहीं मिल पाई.
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघना असवाल के मुताबिक, इस पूरे मामले की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को महिला के 9वें गर्भावस्था के दौरान मिली. 6 अक्टूबर को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर महिला की जांच की. इस दौरान महिला का वजन महज 38 किलोग्राम और हीमोग्लोबिन स्तर केवल 7 ग्राम प्रति डेसीलीटर पाया गया. जिसके बाद महिला को अत्यधिक जोखिम वाली गर्भावस्था (वेरी हाई रिस्क प्रेग्नेंसी) की श्रेणी में रखा गया था. टीम ने परिवार को स्पष्ट रूप से अस्पताल में ही प्रसव कराने की सलाह दी थी.
इसके बावजूद पति की ओर से अस्पताल में जांच और प्रसव कराने में आनाकानी की जा रही थी. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जिला प्रशासन को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद प्रशासन के हस्तक्षेप से स्वास्थ्य कर्मियों ने गांव पहुंचकर महिला की नियमित निगरानी शुरू की.
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 22 अक्टूबर को प्रसव पीड़ा में महिला को 108 एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घंडियाल ले जाया जा रहा था. इसी दौरान रास्ते में ही महिला ने एक बालक को जन्म दिया. जन्म के समय नवजात का वजन करीब तीन किलोग्राम था. इसके बाद जच्चा और बच्चे को अस्पताल में सुरक्षित रखा गया. प्रसव के बाद आशा कार्यकर्ता और स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार जच्चा-बच्चा के स्वास्थ्य की निगरानी कर रही थी.
शुरुआती जानकारी में नवजात और महिला के अन्य बच्चों का स्वास्थ्य सामान्य बताया गया था. लेकिन समय बीतने के साथ महिला की शारीरिक स्थिति में सुधार होने के बजाय गिरावट आने लगी. 15 नवंबर को इस मामले में एक और महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई. जांच के दौरान पता चला कि महिला के पास आधार कार्ड नहीं है. इसके चलते उसे जननी सुरक्षा योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा था.
बच्चों को भी सरकारी पोषाहार उपलब्ध नहीं होने की बात सामने आई. सबसे गंभीर सवाल तब खड़ा हुआ जब प्रशासन और संबंधित विभागों की टीम महिला के घर पहुंची. महिला के 9 बच्चों में पांच बेटे और चार बेटियां बताए गए, लेकिन टीम को घर पर केवल 6 बच्चे ही मिले. दो बच्चों के उस समय घर पर मौजूद नहीं होने की जानकारी सामने आई.
इसके बाद जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग और बाल कल्याण विभाग की संयुक्त टीम गठित कर जांच के निर्देश दिए. टीम को महिला और सभी बच्चों के स्वास्थ्य पोषण, सरकारी योजनाओं से वंचित रहने के कारणों और घर पर नहीं मिले दो बच्चों की स्थिति की जांच करने को कहा गया है.
मेरे संज्ञान में ये मामला आया है. मैंने इसमें संयुक्त टीम गठित की है, जो जांच कर रही है कि आखिरकार ये कैसे हुआ और कहां गलती हुई है?
-स्वाति एस. भदौरिया, जिलाधिकारी
उधर, सीएमओ के निर्देश पर राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) की टीम ने महिला के घर पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण किया. इस दौरान पाया गया कि प्रसव के बाद महिला की स्थिति लगातार बिगड़ रही है.
महिला को पर्याप्त पोषक तत्व नहीं मिल पा रहे हैं. लगातार गर्भधारण और प्रसव के कारण उसका शरीर बेहद कमजोर हो गया है. महिला दर्द से कराह रही है और उसकी मानसिक स्थिति भी स्थिर नहीं बताई जा रही है. यहां तक कि उसे अपने बच्चों के नाम तक ठीक से याद नहीं हैं.
– डॉ. मीनाक्षी वर्मा, प्रभारी चिकित्साधिकारी, सीएचसी घंडियाल



