उत्तराखंडक्राइमबड़ी खबरशिक्षासामाजिकस्वास्थ्य

लाठीचार्ज के विरोध में पीआरडी जवानों का देर रात तक हंगामा, निदेशालय में की तालाबंदी

देहरादून, 19 नवम्बर, 26. उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में पीआरडी जवानों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है. बीती रोज दो सूत्रीय मांग समान कार्य समान वेतन और 365 दिन का रोजगार दिए जाने को लेकर मुख्यमंत्री आवास कूच किया था. इस दौरान उन पर लाठीचार्ज किया गया था. जिसके विरोध में गुरुवार को पीआरडी जवानों ने ननूरखेड़ा स्थित युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) निदेशालय में जमकर हंगामा किया. इतना ही नहीं आक्रोशित पीआरडी यानी प्रांतीय रक्षक दल के जवानों ने निदेशालय में तालाबंदी कर दी.

पीआरडी उत्तराखंड निदेशक एवं उपनिदेशक को बनाया बंधक
पीआरडी जवानों ने तालाबंदी कर युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल उत्तराखंड के निदेशक शक्ति सिंह एवं उपनिदेशक को बंधक बना लिया. तालाबंदी के चलते निदेशालय में देर रात तक पीआरडी जवान डटे रहे. वहीं, काफी देर बाद निदेशालय के अंदर बंधक बनाए गए अधिकारियों और कर्मचारियों को पुलिस एवं प्रशासन ने पिछले गेट से निकाला.

देर रात तक डटे पीआरडी जवान
पीआरडी जवानों का साफ कहना है कि जब तक उनकी मांग को नहीं मान लिया जाता है, तब तक वे धरने से नहीं उठने वाले हैं. बताया जा रहा है कि कुछ जवान रजाई गद्दे लेकर भी पहुंच गए हैं. इससे पहले पीआरडी जवानों ने निदेशालय के अंदर दो से तीन अधिकारियों को बंद कर दिया था. जिन्हें जवानों ने बाहर नहीं निकलने दिया है, लेकिन अब निकाल लिया गया है.

निदेशालय तक पहुंचा जवानों का आक्रोश, तालाबंदी से गरमाया माहौल: लाठीचार्ज की घटना से नाराज पीआरडी जवान अपनी मांगों को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. अब पीआरडी जवानों का आक्रोश निदेशालय तक पहुंच गया है. फिलहाल, निदेशालय में तालाबंदी और अधिकारियों को बंधक बनाए जाने से स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है. पीआरडी कर्मियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों का शासनादेश जारी नहीं होता है, तब तक वो यहां से नहीं हटेंगे.

अगर हमारी वार्ता होती है और पीआरडी जवानों के पक्ष में जवाब आता है. तभी ताला खोला जाएगा. नहीं तो ताला नहीं खोलने दिया जाएगा.
किशन रावत, प्रदेश अध्यक्ष प्रांतीय रक्षक दल हिट संगठन

Related Articles

Back to top button