उत्तराखंडक्राइमबड़ी खबरशिक्षासामाजिक

पूर्व सैनिक से 50 हजार रिश्वत मांगने के आरोप में हल्द्वानी के कानूनगो को जिलाधिकारी ने किया सस्पेंड

हल्द्वानी, 22 नवम्बर, 26. पूर्व सैनिक से रिश्वत मांगने के आरोप में जिलाधिकारी ने बड़ी कार्रवाई की है. जमीन के सीमांकन के नाम पर 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगने के आरोपों से घिरे राजस्व निरीक्षक यानी कानूनगो रमेश चंद्र को डीएम ललित मोहन रयाल ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. शिकायतकर्ता ने पहले 9 हजार 700 रुपये मांगने का भी आरोप लगाया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम से जांच कराई गई. जिसमें प्रारंभिक तौर पर शिकायत के आरोप सही पाए गए. इसके बाद प्रशासन ने निलंबन की कार्रवाई की है.

हल्द्वानी में रिश्वतखोरी के आरोपों को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए राजस्व विभाग के कानूनगो रमेश चंद्र को निलंबित कर दिया है. मामला एक पूर्व सैनिक की जमीन के सीमांकन से जुड़ा है. जिसमें संबंधित कर्मचारी पर काम कराने के एवज में रिश्वत मांगने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं. प्रारंभिक जांच में शिकायत के आरोपों की पुष्टि होने के बाद जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने यह कार्रवाई की है.

दरअसल, पूर्व सैनिक तनोज तिवारी ने हल्द्वानी के हिम्मतपुर तल्ला स्थित अपने प्लॉट पर अतिक्रमण की शिकायत की थी. उनका आरोप था कि प्लॉट की करीब साढ़े पांच फीट चौड़ी और 80 फीट गहरी, यानी लगभग 440 वर्ग फीट जमीन पर अतिक्रमण किया गया है. इस भूमि का सीमांकन कराने के लिए उन्होंने राजस्व विभाग से शिकायत की थी. 14 नवंबर को उन्होंने व्हाट्सएप के माध्यम से राजस्व निरीक्षक को भी शिकायत भेजी थी.

शिकायतकर्ता के मुताबिक, 20 नवंबर को सरकारी अवकाश होने के बावजूद उन्हें कार्यालय बुलाया गया. कानूनगो ने विवादित भूमि का निरीक्षण किया. आरोप है कि इस दौरान सीमांकन और कार्रवाई के नाम पर पहले 9 हजार 700 रुपये की मांग की गई. इसके बाद दस्तावेज लेने और तत्काल कार्रवाई करने के एवज में कथित तौर पर 50 हजार रुपये मांगे गए.

पूर्व सैनिक ने इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से की. मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने जांच कराई. एसडीएम की जांच के दौरान शिकायतकर्ता ने तहसीलदार हल्द्वानी के कार्यालय में उपस्थित होकर पूरे घटनाक्रम से जुड़े तथ्य अधिकारियों के सामने रखे. वहीं, संबंधित कानूनगो से भी स्पष्टीकरण लिया गया. प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद डीएम ने निलंबन के आदेश जारी कर दिए.

गौरतलब है की कानूनगो रमेश चंद्र का नाम पूर्व में हरिद्वार नगर निगम की भूमि से जुड़े करोड़ों रुपये के कथित घोटाले की जांच में भी सामने आया था. फिलहाल निलंबन अवधि में उन्हें तहसील रामनगर से संबद्ध किया गया है. साथ ही निष्पक्ष विभागीय जांच के निर्देश दिए गए हैं. प्रशासन की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के मामलों में जवाबदेही तय करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है.

Related Articles

Back to top button