
देहरादून/ कच्छ, 22 नवम्बर, 26. गुजरात के कच्छ में 21 नवंबर की रात खावड़ा-भुज हाईवे पर हुए एक एक्सीडेंट में एक आर्मी परिवार के सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. परिवार अपनी कार से खावड़ा से भुज जा रहा थे, तभी कार सामने से आ रहे एक ट्रेलर से टकरा गई. जानकारी के मुताबिक, तीन आर्मी परिवार दिवाली की छुट्टियों में उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले से कच्छ आया था. प्रधानमंत्री ने भी इस घटना पर दुख जताया है और मदद का ऐलान किया है.
जानकारी के मुताबिक, उत्तराखंड के कोटद्वार शहर निवासी तीन आर्मी परिवार घूमने के लिए कच्छ आया था. शनिवार को वे कच्छ का रण घूमकर भुज लौट रहे थे, तभी खावड़ा-भुज हाईवे पर उनकी कार सामने से आ रहे एक ट्रेलर से टकरा गई. एक्सीडेंट इतना भयानक था कि कार पूरी तरह से तबाह हो गई. हादसे में तीन बच्चों, दो महिलाओं और दो पुरुषों समेत कुल सात लोगों की मौत हो गई. मरने वालों में पति-पत्नी और उनकी 3 महीने की बच्ची शामिल हैं. हालांकि परिवार की कार पर लगी नंबर प्लेट टूटी हुई है. जिसमें सिर्फ UK07 लिखा नजर आ रहा है.
हादसे की खबर मिलते ही आस-पास के लोगों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी. जिसके बाद सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भुज के जीके जनरल हॉस्पिटल ले जाया गया. शुरुआती जांच में पता चला है कि मृतक परिवार आर्मी में सेवारत है. घटना की खबर मिलते ही आर्मी के अधिकारी तुरंत जीके जनरल हॉस्पिटल पहुंच गए. हादसे के बाद पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. कच्छ वेस्ट पुलिस कंट्रोल रूम के मुताबिक, शनिवार रात 10 बजे जब यह हादसा हुआ, तब परिवार कच्छ का रण घूमकर भुज लौट रहा था.
सभी मृतक/परिजन उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जनपद के कोटद्वार क्षेत्र से संबंधित बताए गए हैं. प्राप्त स्थानीय जानकारी के अनुसार, सभी का संबंध गुजरात के भुज में तैनात द्वितीय बटालियन गढ़वाल राइफल्स के जवानों/परिजनों से है.
-प्रदीप नेगी, कोटद्वार कोतवाली प्रभारी
हादसे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया और लिखा, ‘कच्छ में हुए हादसे में लोगों की मौत से बहुत दुख हुआ. जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं. घायलों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करता हूं. मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री नेशनल रिलीफ फंड से 2 लाख रुपए की मदद दी जाएगी. घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे’.
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी एक्स पर पोस्ट करते हुए हादसे में मृतकों के प्रति संवेदना प्रकट की. उन्होंने लिखा,
‘गुजरात के कच्छ में हुई हृदयविदारक दुर्घटना में कई लोगों के असमय काल-कवलित होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत जनों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान और शोक संतप्त परिजनों को संबल एवं धैर्य प्रदान करें’.
मृतकों की पहचान- नायक सौरभ सिंह नेगी पुत्र जसवंत सिंह नेगी (उम्र 32 साल), सविता नेगी पत्नी सौरभ सिंह नेगी (उम्र 31 वर्ष), शिविका नेगी पुत्री सौरभ सिंह नेगी (उम्र 3 महीने) (तीनों मूल निवासी ध्रुव विहार, कोटद्वार), रिंकी गुसाईं पत्नी नायक नितिन गुसाईं (32 वर्ष), वामिका गुसाईं पुत्री नितिन गुसाईं (4 वर्ष) (दोनों मूल निवासी मोटाढाक, कोटद्वार), नायक राजेश सिंह रावत (34 वर्ष), रक्षिता पुत्री राजेश सिंह रावत (उम्र 7 साल) (दोनों मूल निवासी सिंबलचोड़, कोटद्वार)।



