UPCL में कार्यरत स्वयं सहायता समूहों के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी, नई दरें अक्टूबर से लागू

देहरादून, 22 नवम्बर, 26. उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड UPCL में स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से काम कर रहे कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है. महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी के बाद अब इन कर्मचारियों का मासिक मानदेय बढ़ाकर 23 हजार 157 रुपये कर दिया गया है. नई दरें एक अक्टूबर 2026 से लागू होंगी.
उत्तराखंड में स्वयं सहायता समूहों (SHG) के माध्यम से विभिन्न विभागों और संस्थानों में काम कर रहे कर्मचारियों के मानदेय में बढ़ोतरी की गई है. उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड UPCL ने निगम में स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों के लिए नई मानदेय दरें निर्धारित कर दी है. श्रम आयुक्त, उत्तराखंड की ओर से जारी अधिसूचना के क्रम में परिवर्तनशील महंगाई भत्ते (VDA) में संशोधन करते हुए यह फैसला लिया गया है. इसके तहत एक अक्टूबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक की अवधि के लिए इन कर्मचारियों का कुल मासिक मानदेय 23,157.65 रुपये निर्धारित किया गया है. इसमें सर्विस चार्ज और जीएसटी समेत अन्य निर्धारित शुल्क भी शामिल है.
यूपीसीएल की ओर से 21 नवंबर 2026 को जारी सूचना के मुताबिक, श्रम आयुक्त उत्तराखंड, हल्द्वानी की 14 अक्टूबर 2026 की अधिसूचना के आधार पर परिवर्तनशील महंगाई भत्ते की दर 634 रुपये निर्धारित की गई है. इसके बाद स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से निगम में कार्यरत कर्मचारियों के मानदेय में संशोधन किया गया है. इससे पहले निर्धारित दरों में अब महंगाई भत्ते को शामिल करते हुए नई भुगतान व्यवस्था लागू की गई है.
खास बात यह है कि नई दरें छह महीने यानी 31 मार्च 2027 तक की अवधि के लिए निर्धारित की गई हैं. इससे निगम में कार्यरत इन कर्मचारियों को अगले छह महीने तक संशोधित दरों के अनुसार भुगतान किया जाएगा. UPCL की ओर से जारी पे-चार्ट के मुताबिक, कर्मचारियों के मानदेय में बेसिक पे 14,023 रुपये निर्धारित किया गया है. परिवर्तनशील महंगाई भत्ता 634 रुपये रखा गया है. इस तरह बेसिक पे और महंगाई भत्ते को मिलाकर कुल 14,657 रुपये होते हैं. इसके अलावा बेसिक पे का 10 प्रतिशत यानी 1,465.70 रुपये मकान किराया भत्ता (HRA) और 575.66 रुपये बोनस निर्धारित किया गया है. इन सभी मदों को जोड़ने पर कर्मचारियों की कुल मासिक कमाई 16,698.36 रुपये बनती है. हालांकि, इसमें से कर्मचारी के हिस्से का ईपीएफ और ईएसआई का अंशदान भी काटा जाएगा.
वेतन से होने वाली कटौती की बात करें तो कर्मचारियों के हिस्से से 1,758.84 रुपये ईपीएफ और 125.24 रुपये ईएसआई के लिए निर्धारित किए गए हैं. इस तरह कुल 1,884.08 रुपये की कटौती के बाद कर्मचारी के हाथ में 14,814.28 रुपये आएंगे. वहीं, निगम की ओर से भी कर्मचारियों के लिए ईपीएफ और ईएसआई में अपना अंशदान दिया जाएगा. इसमें ईपीएफ के लिए 1,905.41 रुपये और ईएसआई के लिए 542.70 रुपये शामिल हैं. दोनों को मिलाकर नियोक्ता का योगदान 2,448.11 रुपये निर्धारित किया गया है.
इसके अलावा भुगतान की पूरी व्यवस्था में 478.66 रुपये सर्विस चार्ज और 3,532.52 रुपये जीएसटी भी शामिल किया गया है. इस तरह कर्मचारी के मानदेय, नियोक्ता के योगदान, सर्विस चार्ज और जीएसटी को मिलाकर कुल लागत 23,157.65 रुपये तय की गई है. यानी यह पूरी राशि निगम की ओर से निर्धारित कुल भुगतान या सीटीसी है, न कि कर्मचारी के बैंक खाते में आने वाली शुद्ध रकम, कर्मचारी के हाथ में आने वाली राशि पे-चार्ट के अनुसार 14,814.28 रुपये है.
विभाग से मिली जानकारी में यह भी स्पष्ट किया गया है कि आदेश जारी होने के बाद स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से काम कर रहे कर्मचारियों का मानदेय श्रम आयुक्त उत्तराखंड की ओर से अनुमोदित राज्य के न्यूनतम मानदेय से कम नहीं होना चाहिए. इसके साथ ही संबंधित कर्मचारियों की भविष्य निधि (ईपीएफ) और कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई) से जुड़ी कटौती और जमा की जिम्मेदारी भी तय की गई है.
यूपीसीएल ने इसके लिए संबंधित इकाइयों, खंडों, मंडलों और क्षेत्रीय कार्यालयों के आहरण एवं वितरण अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है. यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक की ओर से जारी इस आदेश की प्रतिलिपि निगम के विभिन्न अधिकारियों और कार्यालयों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है. ऐसे में इस फैसले से निगम में स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से सेवाएं दे रहे कर्मचारियों के मानदेय भुगतान की नई व्यवस्था लागू होगी. हालांकि, कर्मचारियों के लिए वास्तविक हाथ में मिलने वाली रकम और निगम की ओर से वहन की जाने वाली कुल लागत के बीच अंतर को समझना भी जरूरी है.



