उत्तराखंडयूथ कार्नरशिक्षा

UKSSSC जल्द ही पुलिस और आबकारी विभाग में 200 उप निरीक्षकों की निकालेगा भर्ती

देहरादून, 25 नवम्बर, 26. उत्तराखंड में वर्दीधारी पदों पर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए आज बुधवार नवंबर को महत्वपूर्ण अपडेट आया है. नागरिक पुलिस, आबकारी, पीएसी और अभिसूचना में उप निरीक्षक के पदों पर भर्ती को लेकर आयोग विज्ञप्ति जारी करेगा. इसमें आवेदन प्रक्रिया के साथ ही परीक्षा कार्यक्रम की जानकारी भी दी जाएगी. इस तरह अब विभिन्न विभागों के आरक्षी पदों पर भर्ती कार्यक्रम जारी होने के बाद उप निरीक्षक के पदों पर भी भर्ती प्रक्रिया शुरू होने जा रही है.

करीब 200 पदों पर भर्ती प्रस्तावित
उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए नवंबर का आखिरी सप्ताह कई अवसर लेकर आ रहा है. उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) वर्दीधारी उप निरीक्षक पदों पर भर्ती की विज्ञप्ति जारी करने जा रहा है. पुलिस, पीएसी, अभिसूचना और आबकारी विभाग समेत विभिन्न संवर्गों में करीब 200 पदों पर भर्ती प्रस्तावित है. विज्ञप्ति के साथ ही अभ्यर्थियों को आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा कार्यक्रम की जानकारी मिलेगी.

जनवरी 2027 में हो सकती है शारीरिक दक्षता परीक्षा
इस भर्ती को लेकर आयोग की कोशिश है कि चयन प्रक्रिया को ज्यादा लंबा न खींचते हुए निर्धारित समय में पूरा किया जाए. इसके लिए जनवरी 2027 में उप निरीक्षक पदों के अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित कराने की तैयारी की जा रही है. वहीं मार्च 2027 तक लिखित परीक्षा कराने का लक्ष्य रखा जा रहा है. यानी आयोग की योजना है कि विज्ञप्ति जारी होने के बाद अगले चार महीनों के भीतर भर्ती के प्रमुख चरण पूरे कर लिए जाएं. हालांकि इन परीक्षाओं की अंतिम तारीखों की जानकारी आयोग की ओर से जारी आधिकारिक कार्यक्रम में ही स्पष्ट होगी.

जानिए किन विभागों ने होगी भर्ती
भर्ती में नागरिक पुलिस उप निरीक्षक, पीएसी/आईआरबी प्लाटून कमांडर, अभिसूचना उप निरीक्षक, उप आबकारी निरीक्षक और अग्निशमन द्वितीय अधिकारी समेत विभिन्न पद शामिल हैं. इन पदों के लिए लंबे समय से तैयारी कर रहे युवाओं को अब आवेदन का अवसर मिलने जा रहा है. अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता, शैक्षिक योग्यता, आयु सीमा और चयन प्रक्रिया से जुड़ी शर्तों को ध्यान से देखना होगा.

इससे पहले आयोग 17 नवंबर को 1694 वर्दीधारी आरक्षी पदों पर भर्ती की विज्ञप्ति जारी कर चुका है. इन पदों में पुलिस आरक्षी, पीएसी/आईआरबी आरक्षी, अग्निशामक, वन आरक्षी, आबकारी सिपाही और अन्य संवर्ग शामिल हैं. वहीं भर्ती विज्ञापनों का सिलसिला नवंबर के अंतिम दिन भी जारी रहेगा.

आयोग के कैलेंडर के अनुसार 30 नवंबर को मानचित्रकार और प्रारूपकार पदों के लिए भी विज्ञप्ति जारी की जाएगी. इस तरह नवंबर में लगातार भर्ती संबंधी विज्ञप्तियां जारी होने से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं को कई अवसर मिलने जा रहे हैं.

वहीं उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष जीएस मार्तोलिया का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और त्वरित बनाने की कोशिश चल रही है. उप निरीक्षक पद पर आयोग की तरफ से विज्ञप्ति जारी होने जा रही है, जिसमें कई युवाओं को मौका मिल पाएगा.

Related Articles

Back to top button