उत्तराखंडदेश-विदेशबड़ी खबरशिक्षा

पौड़ी जिले के नये कप्तान बने देवेंद्र पींचा, 12 IAS, 17 IPS समेत 34 अफसरों के ट्रांसफर, 6 जिलों को मिले नए कप्तान

देहरादून, 25 नवम्बर, 26. उत्तराखंड की नौकरशाही में 25 नवंबर की देर रात बड़ी सर्जरी हुई है. तबादला सूचियों के जरिए कुल 34 अफसरों के कार्यक्षेत्र बदल दिए गए हैं. एक तरफ छह महत्वपूर्ण जिलों की कानून-व्यवस्था संभालने वाले पुलिस कप्तानों समेत 17 आईपीएस अधिकारियों को नई तैनाती मिली है, तो दूसरी ओर सचिवालय स्तर पर 12 आईएएस, एक आईपीएस, दो पीसीएस और दो सचिवालय सेवा के अफसरों के प्रभार में फेरबदल किया गया है. सरकार ने सभी को तत्काल नई कुर्सी संभालकर कार्यभार प्रमाणक भेजने का फरमान सुनाया है.

आबकारी, खनन और वित्त में बड़ा उलटफेर, कई सचिवों के महकमे बदल गए हैं. इसमें-
लालरिन लियना फैनई (IAS): मौजूदा जिम्मेदारियों के साथ अब प्रमुख सचिव आबकारी विभाग भी संभालेंगे.

डॉ. आर. राजेश कुमार (IAS): आवास व राज्य संपत्ति के साथ अब सचिव औद्योगिक विकास (खनन) व महानिदेशक खनन का जिम्मा मिला.

बृजेश कुमार संत (IAS): खनन व आबकारी से हटाकर सचिव खेल एवं युवा कल्याण बनाए गए. वहीं, आईपीएस अमित सिन्हा को विशेष प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण के दायित्व से मुक्त कर दिया गया.

रंजना राजगुरू (IAS): आयुष विभाग से हटाकर सचिव नियोजन विभाग की कमान दी गई, जबकि डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा को तकनीकी शिक्षा से हटाकर सचिव आयुष एवं आयुष शिक्षा बनाया गया.

युगल किशोर पंत (IAS): संस्कृति के साथ अब सचिव तकनीकी शिक्षा का कार्यभार भी देखेंगे.

छह जिलों के बदले कप्तान, किसे मिली कहां की कमान?
गृह अनुभाग के सचिव शैलेश बगौली द्वारा जारी आदेश में मैदानी और पहाड़ी जिलों की पुलिसिंग में बड़ा बदलाव किया गया है:
अर्पण यदुवंशी: एसडीआरएफ के सेनानायक पद से हटाकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नैनीताल बनाए गए.
मणिकांत मिश्र: एसपी अभिसूचना से एसएसपी ऊधमसिंहनगर की अहम जिम्मेदारी संभालेंगे.
देवेंद्र पींचा: 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर से एसएसपी पौड़ी के पद पर भेजे गए.
सरिता डोबाल: एसपी सुरक्षा (अभिसूचना मुख्यालय) से एसएसपी टिहरी नियुक्त हुईं.
अमित श्रीवास्तव द्वितीय: पुलिस मुख्यालय से अब एसपी चमोली की कमान संभालेंगे.
जगदीश चंद्र: एसपी नगर नैनीताल से प्रोमोशन तैनाती पाकर एसपी बागेश्वर बने.

अन्य प्रमुख आईपीएस तबादले
नैनीताल के एसएसपी रहे मंजूनाथ टी.सी. को 31वीं पीएसी रुद्रपुर और ऊधमसिंहनगर के एसपी अजय गणपति कुम्भार को एसडीआरएफ का सेनानायक बनाया गया. टिहरी की एसएसपी श्वेता चौबे अब आईआरबी द्वितीय देखेंगी. पौड़ी के एसएसपी सर्वेश पंवार को एसपी सुरक्षा (अभिसूचना मुख्यालय), जबकि चमोली के एसपी सुरजीत पंवार, बागेश्वर के एसपी जितेंद्र मेहरा व विशाखा अशोक भदाणे को पुलिस मुख्यालय अटैच किया गया. इसके अलावा पंकज भट्ट को आईआरबी प्रथम बैलपड़ाव, हरीश वर्मा को 46वीं पीएसी रुद्रपुर, अमित श्रीवास्तव को एसपी अभिसूचना और शाहजहां जावेद खान को एसपी फायर सर्विस बनाया गया है.

पीसीएस और सचिवालय सेवा के चार अफसरों को भी नई तैनाती
प्रशासनिक आदेश में राज्य सिविल सेवा (पीसीएस) के दो और सचिवालय सेवा के दो अधिकारियों के नाम भी शामिल हैं. बाध्यप्रतीक्षा में चल रहे पीसीएस बी.एस. चलाल को निदेशक दुग्ध विकास और महिला डेयरी की जिम्मेदारी मिली है, जबकि इस पद पर तैनात रहीं इलागिरी को अपर आयुक्त नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले बनाया गया है. दूसरी ओर सचिवालय सेवा के विक्रम सिंह यादव को अपर सचिव अल्पसंख्यक कल्याण से अवमुक्त किया गया, वहीं महिमा रौंकली को मौजूदा दायित्वों संग अपर सचिव वन विभाग का नया प्रभार सौंपा गया है.

अपर सचिव स्तर पर बदलाव
मनुज गोयल को अपर सचिव वित्त, मेहरबान सिंह बिष्ट को सहकारिता से हटाकर अपर सचिव गृह और अभिनव शाह को सहकारिता विभाग व निबंधक की जिम्मेदारी मिली. रीना जोशी को श्रम विभाग का प्रभार दिया गया, वहीं विनीत कुमार को श्रम से मुक्त कर जलागम व अल्पसंख्यक कल्याण के अतिरिक्त दायित्व सौंपे गए हैं.

Related Articles

Back to top button