उत्तराखंडदेश-विदेशबड़ी खबरशिक्षासामाजिकस्वास्थ्य

पवाणी गांव अग्निकांड पीड़ितों से मिले सीएम धामी, हर परिवार को घर बनाने को 5-5 लाख की आर्थिक सहायता की घोषणा

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने अग्निकांड से प्रभावित उत्तरकाशी के पवाणी गांव का निरीक्षण किया.

उत्तरकाशी, 26 नवम्बर, 26. मोरी तहसील के पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड के बाद प्रभावित परिवारों की समस्याएं जानने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गांव पहुंचे. इस दौरान उन्होंने अग्निकांड प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका दुख-दर्द सुना और मौके पर मौजूद अधिकारियों को राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए.

अग्निकांड के प्रभावितों ने सीएम धामी ने मुलाकात करते हुए जरूरत की कई मांगे रखी. उन्होंने कहा कि, गांव में पानी की टैंकर की व्यवस्था हो. किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत मदद के लिए एक हेलीपैड बनाया जाए. क्षेत्र में नेटवर्क की बड़ी समस्या है, इसके लिए एक मोबाइल टावर लगाना सुनिश्चित किया जाए. इसके अलावा भी ग्रामीणों ने विधायक दुर्गेश्वर लाल के जरिए कई मांगे सीएम धामी के सामने रखी.

पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि, आपदा प्रभावितों के साथ सरकार खड़ी है. बच्चों के लिए स्कूल की व्यवस्था हमारी पहली प्राथमिकता है क्योंकि आगे बर्फ भी पड़ने वाली है. राशन की व्यवस्था के लिए भी जिलाधिकारी को निर्देश दे दिए गए हैं. इस आपदा में सरकार, प्रशासन प्रभावितों के साथ है. हर स्तर पर गांव को फिर से आबाद करने का प्रयास करेंगे.

पवाणी गांव अग्निकांड में काफी नुकसान हुआ है. ग्रामीणों ने अपने आशियानों के साथ ही मवेशियों को भी खो दिया है. 6 महीने इलाके में बर्फ पड़ती है तो जो 6 महीने का राशन स्टोर किया गया था, वो भी जल गया है. लोगों की जीवनभर की कमाई समाप्त हो गई है. ऐसे समय में सरकार का पूरा प्रयास रहेगा कि गांव फिर से आबाद हो, घन बन जाए. कोशिश रहेगी कि बर्फ पड़ने से पहले व्यवस्था हो जाए. सरकार की ओर से हर परिवार को 5-5 लाख रुपए घर बनाने के लिए सहायता राशि दी जाएगी. राशि इत्यादि की व्यवस्था की जाएगी. साथ ही जब तक घर नहीं बनते, तब तक किराया देने की व्यवस्था की जाएगी.
-पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री उत्तराखंड

वहीं इससे पूर्व जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने भी पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल और ब्लॉक प्रमुख रणदेव राणा के साथ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया. जिलाधिकारी ने कहा कि प्रभावित परिवारों को इस मुश्किल घड़ी में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा. प्रशासन की ओर से उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.

गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को बताया कि, अग्निकांड में उनके आवासीय भवनों के साथ ही आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक पासबुक, जमीन से जुड़े अभिलेख और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जलकर राख हो गए हैं. इससे प्रभावित परिवारों के सामने सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और जरूरी कामकाज निपटाने की समस्या खड़ी हो गई है. ग्रामीणों की इस समस्या को देखते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को एक दिसंबर से गांव में विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए. शिविर में आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक संबंधी दस्तावेजों और अन्य जरूरी अभिलेखों को दोबारा बनवाने की प्रक्रिया में ग्रामीणों की मदद की जाएगी, ताकि उन्हें इन कार्यों के लिए कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें.

जिलाधिकारी ने गांव में मूलभूत सुविधाओं को जल्द बहाल करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देश दिए. उन्होंने विद्युत विभाग को रात्रि के समय प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए स्ट्रीट लाइट लगाने को कहा. साथ ही गांव के संपर्क मार्ग को दुरुस्त करने के निर्देश दिए, जिससे प्रभावित परिवारों और राहत कार्यों में जुटी टीमों को आवागमन में परेशानी न हो. पशुपालन विभाग को अग्निकांड से प्रभावित परिवारों के दुधारू पशुओं समेत अन्य पशुधन का सर्वे कर विस्तृत विवरण तैयार करने को कहा. इससे पशुधन के नुकसान का आकलन कर प्रभावित परिवारों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा सकेगी.

गांव में राहत कार्य लगातार जारी है. सभी संबंधित विभागों की टीमें मौके पर तैनात हैं. प्रभावित परिवारों के लिए सामुदायिक रसोई संचालित की जा रही है, जबकि स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी गांव में मौजूद रहकर ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रही हैं. प्रभावितों के लिए भोजन, रहने की व्यवस्था और दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है. रेडक्रॉस के माध्यम से भी राहत कार्यों में सहयोग लिया जा रहा है. गैस सिलिंडर की उपलब्धता और अन्य जरूरी औपचारिकताओं को लेकर भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. राहत एवं पुनर्वास कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है. विभाग आपसी समन्वय से काम करें, ताकि किसी भी प्रभावित परिवार को परेशानी न हो.
-प्रशांत आर्य, जिलाधिकारी उत्तरकाशी

अग्निकांड की घटना और प्रभावित परिवारों की स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की है. मुख्यमंत्री के समक्ष प्रभावितों को राहत राशि, उचित मुआवजा और अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का विषय प्रमुखता से रखा गया है. प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत देने के साथ उनके पुनर्वास के लिए भी जरूरी कदम उठाए जाएंगे.
-दुर्गेश्वर लाल, विधायक पुरोला

गौरतलब है कि पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड में कुल 43 परिवार प्रभावित हुए हैं. आग से कई आवासीय भवन जलकर राख हो गए, जिससे बड़ी संख्या में ग्रामीणों के सामने रहने और आजीविका से जुड़ी चुनौतियां खड़ी हो गई हैं. जिला प्रशासन की प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को सुरक्षित आश्रय, भोजन, जरूरी सुविधाएं और नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है. जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि, राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक प्रभावित परिवार तक सहायता पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए.

स्ट्रीट लाइट लगाने का काम पूरा
अग्निकांड के बाद गांव में रात्रि के समय अंधेरा रहने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही थी. जिलाधिकारी के निर्देश पर विद्युत विभाग की टीम ने गांव के प्रमुख रास्तों, सार्वजनिक स्थलों और प्रभावित क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य पूरा कर लिया है. इससे रात के समय ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिलेगी. साथ ही राहत एवं पुनर्वास कार्यों में जुटी टीमों को भी सहूलियत होगी. प्रशासन की ओर से गांव में अन्य जरूरी सुविधाओं को भी प्राथमिकता के आधार पर बहाल किया जा रहा है.

Related Articles

Back to top button