
देहरादून, 26 नवम्बर, 26. जीवन के अनुभवों, साहित्य की शक्ति और सांस्कृतिक विरासत को केंद्र में रखते हुए देहरादून लिटरेचर फेस्टिवल (डीडीएलएफ) 2026 इस वर्ष लाइफ, लिटरेचर, लेगेसी थीम के साथ आयोजित किया जाएगा। 27 से 29 नवंबर तक दून इंटरनेशनल स्कूल में होने वाले इस तीन दिवसीय महोत्सव में साहित्य, सिनेमा, कला, रंगमंच और समकालीन संस्कृति से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद और परिचर्चाएं आयोजित की जाएंगी।
इस वर्ष की थीम के माध्यम से महोत्सव में ऐसी कहानियों और अनुभवों को सामने लाने का प्रयास किया जाएगा, जो केवल पेशेवर उपलब्धियों तक सीमित न रहकर व्यक्तियों की निजी यात्राओं, रिश्तों, प्रेरणाओं और जीवन के उन अनुभवों को भी उजागर करें, जिन्होंने उनके व्यक्तित्व और रचनात्मक कार्यों को आकार दिया है। महोत्सव में प्रख्यात अभिनेत्री रत्ना पाठक शाह कला, पहचान और समाज से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार साझा करेंगी। वरिष्ठ अभिनेता राज बब्बर अपनी बेटी जूही बब्बर के साथ एक विशेष संवाद में शामिल होंगे, जिसमें परिवार, कलात्मक विरासत और पीढ़ियों के बीच रचनात्मक परंपरा को आगे बढ़ाने जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
अभिनेत्री शबाना आजमी भारतीय सिनेमा और रंगमंच में अपनी लंबी यात्रा व सामाजिक परिवर्तन में कला की भूमिका पर विचार रखेंगी। प्रसिद्ध शेफ व लेखक सुवीर सरन अपनी आत्मकथा टेल माय मदर आई लाइक बॉयज के माध्यम से अपनी व्यक्तिगत यात्रा, चुनौतियों और जीवन के महत्वपूर्ण पड़ावों पर बात करेंगे। अभिनेत्री संध्या मृदुल अपने भाई और उनके कविता संग्रह सिफर पर आधारित एक विशेष संवाद में स्मृतियों, परिवार और कविता की भावनात्मक शक्ति को सामने रखेंगी।
प्रख्यात पर्यावरणविद् पीपल बाबा को गार्डियंस ऑफ द हिमलयाज सम्मान प्रदान किया जाएगा
अभिनेता अनूप सोनी एक कलाकार के रूप में अपनी यात्रा और समाज के प्रति रचनात्मक व्यक्तित्वों की जिम्मेदारी पर विचार साझा करेंगे। साहित्यिक कार्यक्रमों में वरिष्ठ हिंदी लेखिका ममता कालिया को शिवानी-आयरन लेडी ऑफ द हिल्स सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान कुमाऊं की प्रसिद्ध लेखिका शिवानी के नाम पर स्थापित किया गया है, जिसके माध्यम से महिला साहित्यकारों के उल्लेखनीय योगदान को पहचान दी जाती है। वहीं, प्रख्यात पर्यावरणविद् पीपल बाबा को गार्डियंस ऑफ द हिमलयाज सम्मान प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों व संस्थाओं को दिया जाता है।
इसके साथ ही उभरती साहित्यिक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रस्किन बॉन्ड लिटरेरी अवॉर्ड्स भी प्रदान किए जाएंगे। साहित्यिक सत्रों में ये दिल मांगे मोर पुस्तक पर विशेष चर्चा होगी, इसमें कारगिल युद्ध के नायक कैप्टन विक्रम बत्रा के जीवन और विरासत को उनके भाई विशाल बत्रा के नजरिये से समझने का अवसर मिलेगा। लेखिकाएं शाइनी एंटनी और आंचल मल्होत्रा फैक्ट, फिक्शन एंड एवरीथिंग इन बिटवीन विषय पर तथ्यों, कल्पना और स्मृतियों के संबंधों पर चर्चा करेंगी। वहीं कवयित्री व मंच कलाकार प्रिया मलिक अपनी पहली पुस्तक इश्क के सात पड़ाव का विमोचन करेंगी।
समकालीन संस्कृति और हास्य को भी इस वर्ष विशेष स्थान दिया गया है। हास्य कलाकार आदित्य कुलश्रेष्ठ रीडिंग बिटवीन द जोक्स सत्र में हास्य की कला और समाज में उसकी भूमिका पर बात करेंगे। वहीं लेखक व पत्रकार मनु जोसेफ विट, ट्रुथ एंड द आर्ट ऑफ लुकिंग क्लोजली विषय पर अवलोकन, व्यंग्य और कहानी कहने की कला के माध्यम से सामने आने वाले सामाजिक सच पर विचार साझा करेंगे। पर्यावरण संरक्षण को लेकर द लैंग्वेज ऑफ ट्रीज नामक विशेष सत्र आयोजित होगा, जिसमें पीपल बाबा पेड़ लगाने और उनके संरक्षण के अपने दशकों लंबे अभियान के अनुभव साझा करेंगे। इसके अतिरिक्त प्रिया मलिक, कुब्रा सेठ और सयानी गुप्ता पुस्तकों, कहानी कहने की कला, मंचीय प्रस्तुतियों और रचनात्मक अभिव्यक्ति पर अपने विचार रखेंगी।
डीडीएलएफ चौपाल होगा महोत्सव का विशेष आकर्षण
इस वर्ष महोत्सव का एक विशेष आकर्षण डीडीएलएफ चौपाल होगा। पारंपरिक भारतीय सामुदायिक बैठक स्थल की अवधारणा से प्रेरित इस मंच पर कविता व गीत लेखन कार्यशालाएं, खुला मंच, सामूहिक संगीत सत्र, गायन, कला गतिविधियां, पठन मंडलियां और वक्ताओं के साथ अनौपचारिक संवाद आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही डीडीएलएफ बाजार में पुस्तकें, खानपान के स्टॉल, स्थानीय शिल्पकारों के उत्पाद और क्षेत्रीय हस्तशिल्प भी देखने को मिलेंगे। डीडीएलएफ के संस्थापक समरांत विरमानी ने कहा कि इस वर्ष महोत्सव के माध्यम से अतीत, वर्तमान और भविष्य को जोड़ने का प्रयास किया गया है। उनका उद्देश्य साहित्य और संस्कृति के पारंपरिक दायरे को व्यापक बनाते हुए ऐसे कार्यक्रम आयोजित करना है, जिनसे सामाजिक पहलों को भी समर्थन मिल सके। इच्छुक प्रतिभागी महोत्सव की आधिकारिक वेबसाइट www.dehradunliteraturefestival.com पर पंजीकरण करा सकते हैं।



