PRD जवानों का देहरादून में उग्र हुआ आंदोलन, ड्यूटी कर रहे दो साथियों के चेहरे पर पोती कालिख

देहरादून/रुद्रप्रयाग, 28 नवम्बर, 26. उत्तराखंड में प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों का आंदोलन शनिवार को उग्र हो गया. जवान नियमित रोजगार और होमगार्ड के समान वेतन की मांग कर रहे हैं. आंदोलनकारियों ने कार्य बहिष्कार में शामिल न होने वाले अपने ही साथियों के खिलाफ प्रदर्शन किया. संगठन के पदाधिकारियों और जवानों ने ड्यूटी कर रहे दो पीआरडी कर्मचारियों को पकड़ लिया. इसके बाद उनके चेहरे पर कालिख पोत दी गई. यह कार्रवाई देहरादून के खनन विभाग और खादी विभाग में की गई.
चेतावनी के बाद भी कर रहे थे ड्यूटी
प्रांतीय रक्षक दल हित संगठन के मीडिया प्रभारी विनोद तोमर ने इस घटना की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि 21 नवंबर को ही सभी जिलों में पत्र भेजा गया था. इसमें जवानों से पूर्ण कार्य बहिष्कार में शामिल होने की अपील की गई थी. इसके बावजूद कुछ कर्मचारी विभिन्न विभागों में अपनी ड्यूटी कर रहे थे. ऐसे कर्मचारियों को पहले चेतावनी भी दी गई थी. काम जारी रखने पर शनिवार को संगठन ने यह कदम उठाया. पदाधिकारियों ने खनन और खादी विभाग में तैनात दो जवानों के चेहरे पर कालिख पोत दी.
प्रदेशभर में धरना और कैंडल मार्च
पीआरडी हित संगठन के जवान अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदेशभर में धरना दे रहे हैं. देहरादून स्थित पीआरडी निदेशालय पर जवान लगातार डटे हुए हैं. इसके साथ ही प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर भी धरना जारी है. शनिवार को पीआरडी जवानों ने अपनी मांगों के समर्थन में कैंडल मार्च भी निकाला. सरकार की ओर से मांगों पर अब तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है. इसी के चलते संगठन ने अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार का ऐलान किया है.
सरकार के फैसले तक जारी रहेगा बहिष्कार
मीडिया प्रभारी विनोद तोमर ने आगे की रणनीति भी साझा की. उन्होंने बताया कि पिछले दिनों संगठन के प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों से मुलाकात की थी. प्रतिनिधिमंडल ने विभागीय सचिव और मुख्य सचिव के सामने अपनी मांगें रखी थीं. इस दौरान उन्हें ज्ञापन भी सौंपा गया था. हालांकि, सरकार की ओर से अभी तक कोई फैसला नहीं लिया गया है. संगठन ने साफ कर दिया है कि मांगें पूरी होने तक प्रदेशभर में पीआरडी जवानों का कार्य बहिष्कार जारी रहेगा.
रुद्रप्रयाग में PRD जवानों का निकाला कैंडल मार्च
समान कार्य-समान वेतन और 365 दिन रोजगार की मांग को लेकर प्रांतीय रक्षक दल (PRD) के जवानों ने शनिवार को रुद्रप्रयाग में कैंडल मार्च निकाला. सैन्य बैंड से पेट्रोल पंप तक निकाले गए मार्च में करीब 150 से 200 जवान शामिल हुए. इनमें बड़ी संख्या में महिला जवान भी मौजूद रहीं. मांगों को लेकर जवानों में भारी आक्रोश देखने को मिला. शाम करीब चार बजे निकाले गए कैंडल मार्च के दौरान जवानों ने नारेबाजी कर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाई. जवानों की प्रमुख मांगों में समान कार्य के लिए समान वेतन और साल के 365 दिन रोजगार उपलब्ध कराना शामिल है.
मार्च में मेडिकल, डीडीआरएफ, सुरक्षा बल समेत विभिन्न विभागों से जुड़े कर्मचारी भी शामिल हुए. जवानों ने कहा कि वे विभिन्न परिस्थितियों में अपनी सेवाएं देते हैं और कई बार दोहरा कार्य भी करते हैं. इसके बावजूद उन्हें उनकी मेहनत के अनुरूप वेतन और रोजगार की सुरक्षा नहीं मिल पा रही है.
नगर पालिका अध्यक्ष ने किया जवानों की मांगों का समर्थन
नगर पालिका अध्यक्ष ने भी जवानों की मांगों का समर्थन किया. उन्होंने कहा कि PRD कर्मचारी व्यवस्था की रीढ़ हैं और कठिन परिस्थितियों में मेहनत से कार्य करते हैं. उनकी मांगें पूरी होनी चाहिए. वहीं, उत्तराखंड क्रांति दल के नेता अर्जुन कंडारी ने कहा कि PRD जवानों को समान कार्य-समान वेतन मिलना चाहिए. उन्होंने जवानों की मांगों को जायज बताते हुए समर्थन जताया.



