
अल्मोड़ा, 28 नवम्बर, 26. विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम स्थित पुरातत्व संग्रहालय की प्राचीन और दुर्लभ मूर्तियों को दिल्ली ले जाने की खबर से क्षेत्रवासियों में आक्रोश फैल गया. मूर्तियों को लेने पहुंचे भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के अधिकारियों को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा. सूचना मिलते ही स्थानीय पुजारी, जनप्रतिनिधि, व्यापार मंडल के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी संग्रहालय पहुंच गए. लोगों ने स्पष्ट कहा कि जागेश्वर संग्रहालय से किसी भी मूर्ति को बाहर नहीं ले जाने दिया जाएगा. हालांकि, टीम ने कहा कि वे मूर्तियों को ले जाने नहीं आए हैं.
मुझे अभी जागेश्वर धाम से पंडित जी द्वारा जानकारी मिली है कि वहाँ के संग्रहालय में रखी 09 प्राचीन धरोहर मूर्तियों को दिल्ली शिफ्ट करने के लिए एक टीम जागेश्वर पहुँची हुई है, जिसका स्थानीय लोग और पुजारीगण पुरजोर विरोध कर रहे हैं। मैं नीचे लोगों के विरोध का एक वीडियो साझा कर रहा हूँ।… pic.twitter.com/luLMvxKfSI
— Harish Rawat (@harishrawatcmuk) November 28, 2026
पूरा मामला जागेश्वर मंदिर समूह की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा हुआ है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि संग्रहालय में वर्षों से सुरक्षित प्राचीन और दुर्लभ मूर्तियों को बिना क्षेत्रवासियों को विश्वास में लिए और बिना किसी पूर्व सूचना के दिल्ली स्थानांतरित करने की तैयारी की जा रही है. इस सूचना के फैलते ही क्षेत्र में नाराजगी बढ़ गई है.
जैसे ही लोगों को पता चला कि दिल्ली से पुरातत्व विभाग की टीम संग्रहालय में प्रदर्शित बहुमूल्य मूर्तियों को ले जाने के उद्देश्य से पहुंची है, वे विरोध में एकजुट हो गए. हमने दिल्ली स्थित भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के महानिदेशक को पत्र लिखकर मूर्तियों का स्थानांतरण नहीं करने का अनुरोध किया है. यदि जन आंदोलन के कारण कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होती है तो इसकी जिम्मेदारी विभाग की होगी.
-नवीन भट्ट, पूर्व उपाध्यक्ष, मंदिर समिति
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि विभाग की ओर से तत्काल सकारात्मक निर्णय लेकर लिखित आश्वासन नहीं दिया गया तो संग्रहालय के मुख्य द्वार पर धरना और अनशन शुरू कर दिया जाएगा. साथ ही जिलाधिकारी से भी वार्ता कर मूर्तियों के स्थानांतरण पर रोक लगाने की मांग की जा रही है.
प्रदर्शनकारियों ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के महानिदेशक को संबोधित ज्ञापन सौंपा. इसकी प्रतियां प्रधानमंत्री कार्यालय, मुख्यमंत्री, राज्यपाल, पर्यटन मंत्री और जिलाधिकारी अल्मोड़ा को भी भेजी गई हैं. क्षेत्रवासियों ने पुरातत्व विभाग की टीम से स्पष्ट और लिखित आश्वासन मांगा है कि संग्रहालय से किसी भी मूर्ति को बाहर नहीं ले जाया जाएगा.
इन ऐतिहासिक मूर्तियों को दिल्ली ले जाने की साजिश की जा रही है. मैं इसका पूर्ण विरोध करता हूं. अगर इन लोगों को रोका नहीं गया तो बड़ा जनांदोलन किया जाएगा.
– गोविंद सिंह कुंजवाल,पूर्व विधानसभा अध्यक्ष
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी एक वीडियो साझा कर कहा कि, इन मंदिरों की अमूल्य मूर्तियों को किसी भी हाल में दिल्ली शिफ्ट नहीं होने देंगे. उन्होंने राज्य सरकार से इस प्रक्रिया को तत्काल रोक लगाने की मांग की है.
चोरी के बाद बॉर्डर से वापस लाई गई थी पौण राजा की प्रतिमा
जागेश्वर संग्रहालय में संरक्षित पौण राजा (पोना राजा) की कांस्य प्रतिमा यहां के प्रमुख आकर्षणों में शामिल है। करीब चार फीट ऊंची और 112 किलोग्राम वजनी यह प्रतिमा खड़ी मुद्रा में है। वर्ष 1974 में दंडेश्वर मंदिर से चोरी हुई इस प्रतिमा को बाद में वापस लाया गया था। इसका क्षतिग्रस्त दाहिना हाथ भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की देहरादून स्थित विज्ञान प्रयोगशाला में संरक्षित कर पुनर्स्थापित किया गया। वर्तमान में यह संग्रहालय के केंद्रीय कक्ष में प्रदर्शित है। ब्लुट प्रूप केबिन में रखी गई है।
चोरी होकर अमेरिका पहुंच गई थी लकुलीश की प्रतिमा
लकुलीश को पाशुपत शैव धर्म का प्रवर्तक और भगवान शिव का अवतार माना जाता है। जागेश्वर मंदिर समिति के पूर्व प्रबंधक प्रकाश भट्ट के अनुसार, पूर्वजों से मिली जानकारी के मुताबिक लकुलीश की प्रतिमा चोरी हो गई थी और अमेरिका पहुंच गई थी। बाद में भारत सरकार को वापस मिलने के बाद वर्ष 2015 में इसे जागेश्वर संग्रहालय में स्थापित किया गया। यह प्रतिमा धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से विशेष महत्व रखती है।
सूर्य देव की प्रतिमा में दिखती है मध्यकालीन शिल्पकला
जागेश्वर संग्रहालय में संरक्षित सूर्य देव की प्रतिमा कुमाऊं की मध्यकालीन शिल्पकला का उत्कृष्ट उदाहरण है। लगभग नौवीं से 13वीं शताब्दी के बीच की मानी जाने वाली इस प्रतिमा में सूर्य देव दोनों हाथों में कमल धारण किए हैं। प्रतिमा के निचले हिस्से में सारथी अरुण और सात घोड़ों का अंकन है। बारीक नक्काशी और आभूषणों से सजी यह प्रतिमा तत्कालीन मूर्तिकला की समृद्ध परंपरा को दर्शाती है।
वहीं विरोध बढ़ता देख पुरातत्व विभाग के अधिकारियों ने कहा कि, वे मूर्तियों को ले जाने नहीं, बल्कि केवल सर्वेक्षण के लिए आए हैं. इस बीच, अल्मोड़ा जिला प्रशासन ने बयान जारी कर स्पष्ट किया कि, फिलहाल संग्रहालय की किसी भी मूर्ति को स्थानांतरित करने की कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है. प्रशासन के अनुसार, समिति ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि मौजूदा परिस्थितियों में चयनित मूर्तियों को आगे की संस्तुति के लिए नामित नहीं किया जाना चाहिए. यह रिपोर्ट भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के महानिदेशक को भेज दी गई है.
पूरे प्रकरण और स्थानीय लोगों की भावनाओं से महानिदेशक को अवगत करा दिया है. जिला प्रशासन ने लोगों से अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास नहीं करने और शांति बनाए रखने की अपील की है.
-अंशुल सिंह, जिलाधिकारी अल्मोड़ा
दरअसल, जागेश्वर संग्रहालय में 274 से अधिक दुर्लभ और प्राचीन मूर्तियां प्रदर्शित हैं. इनमें लकुलीश शिव और पौन राजा की मूर्तियां भी शामिल हैं. अल्मोड़ा से लगभग 35 किलोमीटर दूर स्थित जागेश्वर धाम उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र में भगवान शिव को समर्पित प्रसिद्ध प्राचीन मंदिर समूह है. इसी बीच, जागेश्वर मंदिर की प्राचीन मूर्तियों को शिफ्ट किए जाने की सुगबुगाहट के बीच अब इस मामले में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा का बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि, जागेश्वर की मूर्तियां अति प्राचीन हैं और इनसे स्थानीय लोगों की गहरी धार्मिक आस्था और भावनाएं जुड़ी हुई हैं. ऐसे में लोगों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए फिलहाल मूर्तियों को उनके मूल स्थान पर ही रहने दिया जाना चाहिए.
पुरातत्व विभाग के माध्यम से देश में प्राचीन धरोहरों को भव्य स्वरूप देने और उनके संरक्षण को लेकर कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं. इसी क्रम में जागेश्वर की मूर्तियों को लेकर भी चर्चा हुई है. जागेश्वर की मूर्तियां बेहद प्राचीन हैं और स्थानीय लोगों की भावनाओं का सम्मान किया जाना जरूरी है.
– अजय टम्टा, केंद्रीय राज्य मंत्री
बता दें कि, केंद्र सरकार दिल्ली में एक लाख वर्ग मीटर क्षेत्र में ‘युगे युगीन भारत’ संग्रहालय विकसित कर रही है, जिसमें पांच हजार वर्ष से भी अधिक प्राचीन भारत की वास्तुकला, नगरीय सभ्यता, गणित, खगोल विज्ञान, भाषाओं और लिपियों, धर्म, आध्यात्मिकता, व्यापार तथा सांस्कृतिक संबंधों को प्रदर्शित किया जाएगा.



