सेंट थॉमस स्कूल के वार्षिकोत्सव में में बोलीं डीएम बच्चों को सपने देखने और चुनौतियों का सामना करने का साहस दें

पौड़ी, 28 नवम्बर, 26. सेंट थॉमस स्कूल पौड़ी के वार्षिकोत्सव में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने, चुनौतियों का सामना करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के आईसीएसई और आईएससी के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
विद्यालय प्रबंधन की ओर से प्रबंधक फादर जीजो पैलाथिंकल, प्रधानाध्यापिका सिस्टर सौमिनी, उप प्रधानाचार्य सिस्टर मेरिन तथा बिजनौर डायसिस के उपाध्यक्ष फादर फ्रांसिस केओ ने जिलाधिकारी का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
जिलाधिकारी ने आईसीएसई टॉपर शौर्य असवाल तथा आईएससी टॉपर गीतांजलि नेगी और योगेश लिंगवाल को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रस्तुतियों में दिखा उत्साह और आत्मविश्वास उन्हें अपने बचपन की याद दिलाता है। विद्यार्थियों को मंच पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करते देखना सुखद अनुभव है। उन्होंने शानदार प्रस्तुतियों के लिए बच्चों के साथ शिक्षकों और अभिभावकों को भी बधाई दी।
उन्होंने कहा कि जीवन में कठिनाइयां आएंगी, लेकिन मजबूत हौसले और अटूट विश्वास से हर चुनौती का सामना किया जा सकता है। संघर्षों से घबराने के बजाय उनका डटकर मुकाबला करना चाहिए, क्योंकि फाइटर हमेशा जीतता है। क्षमता के साथ निरंतर मेहनत, अनुशासन और सही दिशा में किए गए प्रयास सफलता का आधार हैं।
जिलाधिकारी ने अभिभावकों से बच्चों को अच्छे संस्कार और जीवन मूल्य देने, उनके साथ पर्याप्त समय बिताने तथा उनमें सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों को आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक बनाने में परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक फादर जीजो पैलाथिंकल ने जनपद में विकास कार्यों को नई दिशा देने के लिए जिलाधिकारी के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने श्रीनगर के वेस्ट टू वंडर पार्क, जिला संग्रहालय के सुदृढ़ीकरण, पौड़ी प्रगति पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पहल, पर्यटन को बढ़ावा देने के नवाचार और महिला सशक्तिकरण के प्रयासों को जनपद के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, पर्यटन और महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे कार्य पौड़ी को नई पहचान दिला रहे हैं।
वार्षिकोत्सव में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों, नृत्य-नाटिकाओं और पारंपरिक लोकनृत्यों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, एकता, भारतीय संस्कृति और सामाजिक संदेशों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। आकर्षक वेशभूषा, शानदार मंच संयोजन और सामूहिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरा सभागार तालियों की गूंज से उत्साहमय बना रहा।
कार्यक्रम में रीना रौथाण, वंदना मुदगिल, गीता रावत, पूजा चमोली, नरेंद्र सिंह, संजय जुयाल, प्रीति नेगी, मुकेश पंवार, सुबोध उनियाल, जैतलिन, अजय एवं शंकर सहित विद्यालय के शिक्षक-कर्मचारी, अभिभावक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



