
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुलदार एवं अन्य वन्य जीवों के आक्रमण से मानव सुरक्षा के लिए विभिन्न विभागों के समन्वय से एक टास्क फोर्स बनाने को कहा है। सीएम ने निर्देशित किया है कि यदि किसी क्षेत्र में किसी बच्चे पर गुलदार आक्रमण करता है, तो इसके लिए संबंधित क्षेत्र के वनाधिकारी एवं डीएफओ की जिम्मेदारी तय की जायेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में वन विभाग के कामकाज की समीक्षा बैठक ली। इसी दौरान मानव आबादी में गुलदार व अन्य जंगली जानवरों के घुसने और उनके उत्पात मचाने तथा नुकसान करने पर भी मंथन हुआ। सीएम धामी ने कहा कि गुलदार के मानव आक्रमण से संबंधित चिन्हित स्थानों के लिए एक्शन प्लान बनाया जाना चाहिए। वन क्षेत्र में अवैध खनन एवं अवैध पातन पर भी सीएम धामी ने अपनी नाराजगी व्यक्त की। जंगलों में आग लगने की कई घटनाओं को देखते हए सीएम धामी ने कहा कि इसे रोकने के लिए हर संभव प्रभावी प्रयास किये जायें।
बैठक में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु, अपर मुख्य सचिव आनंद वर्धन, प्रमुख वन संरक्षक विनोद कुमार सिंघल, महाप्रबंधक वन निगम डी.जे.के शर्मा, प्रमुख वन संरक्षक ज्योत्सना शिथलिंग एवं वन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।