
उत्तरकाशी। देर रात हुई मूसलाधार बारिश के कारण गंगोत्री हाईवे भटवाड़ी से गंगनानी के बीच सात स्थानों पर मलबा आने के कारण बाधित हो गया। जब देर रात हाईवे बंद होने के कारण यात्रियों के वाहन गंगनानी के समीप खड़े थे, तभी अचानक पहाड़ी से मलबा गिरने के कारण एक टेंपो ट्रैवलर सहित तीन वाहन मलबे में दब गए। जिसमें एक महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसे में छह घायलों को उपचार के लिए हॉस्पिटल भेजा।
‘उत्तरकाशी-गंगोत्री राजमार्ग पर मलबे की चपेट में आने से 3 वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिस कारण वाहन में सवार चार लोगों की मौत एवं कुछ के घायल होने का अत्यंत दु:खद समाचार प्राप्त हुआ है। जिला प्रशासन व SDRF द्वारा राहत एवं बचाव कार्य जारी है और घायलों को समुचित उपचार प्रदान किया जा रहा है। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ हेतु प्रार्थना करता हूं। समस्त देवतुल्य जनता से मेरा अनुरोध है कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा करने से बचें’।
सीएम पुष्कर सिंह धामी https://sarthakpahal.com/
पहाड़ से पत्थर गिरने के कारण बचाव कार्य में दिक्कत
भटवाड़ी से गंगनानी के बीच हादसे की सूचना पर आपदा स्वयंसेवक राजेश रावत ने अकेले ही घटना में घायल लोगों का रेस्क्यू किया। बता दें की पूरे देश में भारी बारिश का दौर जारी है। घटना की सूचना एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाया। अभी तक तीन यात्रियों के शव निकाल लिए गए हैं, जबकि एक यात्री का शव वाहन में फंसा है, जिसे निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। हादसे में छह यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पहाड़ी से लगातार मलबा और पत्थर गिर रहे हैं। जिस कारण रेस्क्यू कार्य प्रभावित हो रहा है।
वहीं यात्री कहां के हैं, इसकी जानकारी अभी नहीं लग पाई है। बताते चलें कि उत्तराखंड में बारिश आफत बनकर टूट रही है। लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई मार्गों पर लगातार मलबा और बोल्डर गिर रहे हैं, जो हादसे का सबब बन रहा है। घटना में मृतक महिला भोपाल मध्य प्रदेश की निवासी है जबकि अन्य तीन पुरुष मृतक भी मध्य प्रदेश के बताए जा रहे हैं। इन के शव को घटना स्थल से निकाले की कार्यवाही चल रही है।