उत्तराखंडखेलदेश-विदेशमनोरंजनयूथ कार्नर

पिथौरागढ़ की आरती ने अंतरराष्ट्रीय गोल्डन बेल्ट टूर्नामेंट में रोमानिया की कार्ला लौरा को हराकर जीता गोल्ड

पिथौरागढ़, 17 जुलाई, 26. उत्तराखंड की सीमांत पिथौरागढ़ जिले की बेटी आरती धारियाल ने अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग में देश का परचम लहराया है. रोमानिया में अंतरराष्ट्रीय गोल्डन बेल्ट टूर्नामेंट में आरती ने 54 किग्राभार वर्ग के फाइनल में मेजबान देश की मुक्केबाज कार्ला लौरा को दूसरे राउंड में आरएससी (RSC) के तहत हराकर गोल्ड मेडल जीत लिया. आरती की इस जीत से पूरे देश में जश्न का माहौल है.

पिथौरागढ़ की तीन महिला बॉक्सरों ने भारत के लिए जीते 3 पदक


बता दें कि बीते 3 दिनों में पिथौरागढ़ की तीन महिला बॉक्सरों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 3 मेडल भारत की झोली में डाले हैं. बीती 15 जुलाई को जकार्ता एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में निकिता चंद और काजल फर्स्वाण ने रजत पदक जीता था. जबकि, रोमानिया में चल रहे गोल्डन बेल्ट टूर्नामेंट में पिथौरागढ़ की आरती धारियाल ने भारत का प्रतिनिधित्व किया.

रोमानिया की कार्ला लौरा को हराकर जीता सोने का तमगा
12 जुलाई 2026 से चल रहे अंतरराष्ट्रीय गोल्डन बेल्ट टूर्नामेंट में 54 किग्राभार वर्ग के फाइनल मुकाबले में आरती का सामना मेजबान रोमानिया की कार्ला लौरा से हुआ. आरती ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरे ही राउंड में RSC यानी रेफरी स्टॉप्ड कॉन्टेस्ट के तहत मुकाबला अपने नाम कर लिया और स्वर्ण पदक झटक लिया.

आखिरकार सालों की कड़ी मेहनत रंग लाई और गोल्डन बेल्ट इंटरनेशनल बॉक्सिंग टूर्नामेंट में गोल्ड मेडल जीत लिया. लगातार सपोर्ट के लिए अपने कोच, परिवार और दोस्तों का शुक्रगुजार हूं. इस मौके के लिए बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया, स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया और कोच सैंटियागो नीवा (Santiago Nieva) का खास शुक्रिया.
– आरती धारियाल, बॉक्सर

आरती धारियाल पिथौरागढ़ की गौरीहाट की रहने वाली है
21 वर्षीया आरती मूल रूप से पिथौरागढ़ के मूनाकोट के गौरीहाट की रहने वाली है. जो वर्तमान में एलिट सीनियर कैंप पटियाला में प्रशिक्षण ले रही हैं. पिथौरागढ़ में वो खेल विभाग के स्मॉल खेलो इंडिया बॉक्सिंग सेंटर की प्रशिक्षणार्थी हैं और बॉक्सिंग कोच निखिल महर से प्रशिक्षण लेती हैं.

सीमांत जनपद पिथौरागढ़ की तीन महिलाबॉक्सरों ने कीर्तिमान स्थापित करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 3 मेडल देश को दिए हैं. यह देश, प्रदेश और जिले के लिए गौरव का क्षण है. आरती की इस उपलब्धि पर पिथौरागढ़ में जश्न का माहौल है.
अनूप बिष्ट, जिला क्रीड़ा अधिकारी, पिथौरागढ़

जिला क्रीड़ा अधिकारी अनूप बिष्ट, जिला युवा कल्याण अधिकारी जगदीश नेगी, उप क्रीड़ाधिकारी प्रताप सिंह, अरुण बंग्याल, बॉक्सिंग कोच निखिल महर, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी जगत सिंह महरा समेत ओलंपिक संघ, बॉक्सिंग संघ, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने प्रसन्नता जताई है.

Related Articles

Back to top button