
चमोली। चमोली जिले के जोशीमठ ब्लाक के पल्ला जखोला मोटर मार्ग पर शुक्रवार देर शाम ओवरलोडेड टाटा सूमो 500 मीटर गहरी खाई में गिरने से पल भर में दो महिलाओं सहित 12 लोगों की मौत हो गयी, जबकि पांच लोगों ने छत से कूदकर जान बचाई। खड़ी चढ़ाई होने के कारण टाटा सूमो आगे जाने के बजाय पीछे की तरफ खाई में गिर गया।
10 सीटर वाहन में बैठे थे 17 लोग
दुर्घटना का प्रारंभिक कारण क्षमता से अधिक सवारी बैठना है। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर वाहन खाई में वहां पर खड़ी चढ़ाई थी। सड़क भी कच्ची थी। ओवरलोड होने की वजह से पल्ला गांव की खड़ी चढ़ाई में टाटा सूमो आगे नहीं बढ़ सकी। सूमो को पीछे सरकते देखकर छत में सवार किमाणा गांव के जीतपाल और हेमंत चौहान निवासी कलगोठ गांव नीचे उतरे और पीछे वाले टायर में पत्थर अड़ाने लगे, लेकिन लोड अधिक होने के कारण पत्थर का बस भी नहीं चला और टाटा सूमो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
खड़ी चढ़ाई नहीं चढ़ पाया टाटा सूमो
पुलिस के अनुसार शुक्रवार दोपहर 3.30 बजे एक टाटा सूमो जोशीमठ से किमाणा गांव के लिए चला। जोशीमठ से 32 किमी दूर उर्गम-जखोला मार्ग पर पल्ला गांव के पास खड़ी चढ़ाई के पास चालक के ब्रेक लगाने के बाद भी वाहन अनियंत्रित होकर खाई में लुढ़क गया। खाई में गिरते ही वाहन के परखच्चे उड़ लगे। सूचना पर पहुंची एनडीआरफ और एसडीआरएफ ने रेस्क्यू अभियान चलाकर देर शाम तक 12 लोगों के शव निकाले। तीन घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उर्गम लाया गया।
जिलाधिकारी, एआरटीओ समेत आलाधिकारी मौके पर
स्थानीय लोगों ने हादसे की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही डीएम हिमांशु खुराना, एआरटीओ ज्योतिशंकर मिश्रा, पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोभाल, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गयी।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक, मृतकों को दो-दो लाख की घोषणा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वाहन दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है तथा दुर्घटना की मजिस्ट्रीयल जांच के आदेश दिये हैं। धामी ने फोन पर डीएम को तेजी से राहत एवं बचाव कार्य के निर्देश दिये।
मृतकों की सूची
मरने वालों में दलीप सिंह चौहान पुत्र धन सिंह निवासी ग्वाड़ 51 साल, सिताब सिंह चौहान पुत्र धन सिंह 61, सुबोध सिंह पुत्र प्रेम सिंह किमाणा 27 साल, विक्रम सिंह पुत्र मंगल कलकोट 43 साल, कश्मीरा देवी पत्नी जीतपाल किमाणा 46 साल, लक्ष्मण सिंह पुत्र बचन सिंह कलकोट, 37 साल, ताजवर सिंह पुत्र नैन सिंह डुमक 46 साल, राधा देवी पत्नी ताजवर सिंह डुमक 43 साल, गजेंद्र सिंह पुत्र शेर सिंह जखोल, 50 साल, रणजीत सिंह पुत्र अमर सिंह पल्ला 70 साल, गब्बर सिंह पुत्र नैन सिंह सुभाई 70 साल, शिवसिंह पुत्र मलक सिंह कलगोठ 60 साल हैं। इसके अलावा अजीत यादव पुत्र भारत सिंह निवासी इलाहाबाद, रोहत प्रजापति पुत्र जसवीर सिंह निवासी हापुड़, महावीर सिंह पुत्र शेर सिंह घायल हैं और हेमंत चौहान पुत्र जवाहर निवासी कलकोट 20 साल और जीतपाल पुत्र हरि सिंह निवासी किमाणा 50 साल सुरक्षित बच गये।
ताजा और तेज खबरों के लिए देखते रहिये सार्थक पहल डाट कामhttps://sarthakpahal.com/