उत्तरप्रदेशउत्तराखंडदेश-विदेशपर्यटनबड़ी खबरयूथ कार्नरशिक्षासामाजिक

अब चारधाम मंदिर परिसर में दुर्घटना पर मिलेगा एक लाख बीमा कवर

देहरादून। अब चारधाम मंदिर परिसर (बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री) में तीर्थयात्रियों की किसी भी प्रकार की दुर्घटना में आकस्मिक मृत्यु होने पर मानव उत्थान सेवा समिति की तरफ से एक लाख रुपये की बीमा राशि प्रदान की जायेगी।

प्रदेश के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के प्रयास से यह संभव हुआ है। उल्लेखनीय है कि पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज प्रसिद्ध आध्यात्मिक संस्था मानव उत्थान सेवा समिति दिल्ली के संस्थापक भी हैं। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज एवं मानव उत्थान सेवा समिति का आभार जताया है और कहा है कि पहली बार अब चारधाम आने वाले तीर्थयात्रियों को बीमा कवर मिल रहा है।

श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने बताया कि मंदिर समिति मुख्य कार्याधिकारी बीडी सिंह ने इस संबंध में उपजिलाधिकारी जोशीमठ, उखीमठ, बड़कोट (यमुनोत्री), भटवाड़ी (गंगोत्री) को पत्र लिखकर सूचित किया है कि मंदिर परिसर क्षेत्र में अब किसी भी प्रकार की दुर्घटना होने पर यह बीमा कवर दिया जायेगा।

पत्र में बीमा राशि के भुगतान के संबंध में श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति को सूचित करने को कहा गया है। बीमा राशि का भुगतान मंदिर समिति के माध्यम से यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड से दिया जायेगा। सुलभ संदर्भ के लिए वरिष्ठ शाखा प्रबंधक यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी का भी जिक्र किया गया है।

जूते चप्पल पहन कर मंदिर के पास नहीं जा सकेंगे श्रद्धालु
केदारनाथ में मंदिर परिसर के पास जूते-चप्पल पहनकर आने पर जल्द रोक लगने जा रही है। मंदिर समिति ने शासन को इस संबंध में प्रस्ताव भेजा है। अभी तक कई श्रद्धालु नंदी की मूर्ति तक जूते-चप्पल पहनकर पहुंच रहे हैं, इससे केदारनाथ धाम की पवित्रता और धार्मिक आस्था को ठेस पहुंच रही है। इसके अलावा मंदिर की परिक्रमा के लिए भी उचित दूरी रखने का आग्रह भी किया गया है।

https://sarthakpahal.com/

Related Articles

Back to top button