उत्तराखंडक्राइमबड़ी खबरयूथ कार्नरसामाजिक

श्रीनगर भी पहुंची ‘लव जिहाद’ की आग, स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा

श्रीनगर। पौड़ी के श्रीनगर गढ़वाल में हिंदू युवती व मुस्लिम युवक के बीच कथित लव जिहाद का मामला प्रकाश में आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मुस्लिम युवक हिंदू लड़की को भगाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों को मामले की भनक लग गई और उसके द्वारा गलत कदम उठाने से पहले ही लोगों ने पुलिस को मामले की सूचना दे दी। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखने को मिला।

व्यापार सभा तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं का कोतवाली में हंगामा
श्रीनगर गढ़वाल की व्यापार सभा व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कोतवाली पहुंचकर हंगामा किया और पुलिस से इस तरह के मामलों पर रोक लगाने की मांग की। स्थानीय लोगों का कहना है कि बड़ी संख्या में बाहर से पहाड़ों की ओर मुस्लिम पहुंच रहे हैं। लेकिन उनका सत्यापन नहीं किया जा रहा है। ऐसे लोग पहाड़ के शांत वातावरण को अशांत करने की कोशिश कर रहे हैं।

अगर फिर संज्ञान में आया मामला तो होगा उग्र आंदोलन
मंगलवार को स्थानीय लोगों ने पुलिस से लव जिहाद जैसे मामले श्रीनगर में ना हो इसके लिए उचित कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इस तरह का मामला फिर संज्ञान में आता है तो पुलिस के खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा। बड़ी संख्या में मुस्लिम लोग पहाड़ों में बस रहे हैं। इससे पहले कि मामला पुलिस के हाथ से निकल जाए, पुलिस को बाहरी लोगों का सत्यापन करना शुरू कर देना चाहिए। इस मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता अतर सिंह असवाल, व्यापार सभा अध्यक्ष दिनेश असवान, भाजपा मंडल अध्यक्ष जितेंद्र धिरवांण आदि कई लोग मौजूद रहे।

मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भी कार्रवाई की मांग
स्थानीय मुस्लिम समुदाय के लोग कोतवाल से मिले। उन्होंने शहर के शांत वातावरण को खराब करने वालों व अन्य असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग बाहर से आकर यहां का मौहाल खराब कर रहे हैं। जिसके चलते मुस्लिम समुदाय के लोगों को परेशानियों से जूझना पड़ रहा है।

श्रीनगर कोतवाली प्रभारी रवि सैनी का कहना है कि मामले को लेकर किसी तरह की कोई तहरीर परिजनों द्वारा नहीं दी गई है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। शांति व्यवस्था खराब न हो इसकी कोशिश की जा रही है। रवि सैनी ने कहा कि सोशल मीडिया पर भी इन दिनों ऐसे मामले जमकर उछाले जा रहे हैं। स्थानीय लोगों द्वारा इन मामलों पर रोक लगाने पर भी चर्चा की गई।

Related Articles

Back to top button