उत्तराखंडक्राइमबड़ी खबरयूथ कार्नरशिक्षा

ये कैसी लापरवाही? परीक्षा गणित की, पेपर दे दिया लॉ का, छात्रों ने काटा हंगामा

श्रीनगर। केंद्रीय गढवाल हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल में चल रही परीक्षाओं में घोर लापरवाही देखने को मिली। गुरुवार को गणित की परीक्षा थी, लेकिन प्रश्नपत्र पत्र इतिहास और लॉ का दे दिया गया। विवि में लापरवाही की पराकाष्ठा देखने को मिली। यहां बीएससी 6th सैमेस्टर गणित के पेपर में इतिहास और लॉ के पेपर दे दिया गया। जैसे ही अधिकारियों को गलती का पता चला उन्होंने आनन-फानन में परीक्षार्थियों के उत्तर पुस्तिकाएं वापस ले ली। इसके बाद छात्रों ने जमकर बवाल मचाया।

प्रश्नपत्र देखकर छात्रों का माथा ठनका
वीरवार को गढ़वाल विवि के बिड़ला परिसर में बीए, बीएससी गणित काम्पलेक्स एनालिसिस की परीक्षा सुबह की शिफ्ट में होनी थी। परीक्षा में शामिल हुए छात्रों को उत्तर पुस्तिका बांट दी गयी, जिसमें छात्रों ने अपने-अपने रोल नंबर भी अंकित कर दिये थे, लेकिन प्रशासन को गलती का अहसास हुआ तो उन्होंने तुरंत बच्चों से उत्तर पुस्तिकाएं वापस मांग ली। दरअसल, गणित के पेपर में इतिहास और लॉ के प्रश्न पूछे गये थे। यानि पेपर गणित के बजाय लॉ का दे दिया गया था। जैसे ही छात्र नेताओं को इस बात की भनक लगी वे प्रशासनिक भवन पहुंच गये और वहां जमकर हंगामा हुआ।

बिना परीक्षा दिए छात्रों को वापस जाना पड़ा
छात्रों का कहना था कि पेपर देने के लिए वे दूर-दूर से पहुंचे थे, मगर विवि की लापरवाही के कारण छात्रों को बिना पेपर दिये ही वापस जाना पड़ रहा है। छात्रों ने इस पूरे मामले में विवि से सम्बधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अगर ऐसा नहीं होता तो छात्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। छात्रों ने आरोप लगाया जब वे शिकायत लेकर पहुंचे तो परीक्षा नियंत्रक तीन घंटे बाद छात्रों की समस्या सुनने अपने कार्यालय पहुंचे। https://sarthakpahal.com/

अब दस अगस्त को होगी परीक्षा
वीरवार को होने वाली परीक्षा अब दस अगस्त को होगी। गढ़वाल विवि के परीक्षा नियंत्रक डा. एचएस आजाद ने बताया कि किस कारण ऐसा हुआ है इसकी जांच कराई जा रही है। यह परीक्षा गढ़वाल विश्वविद्यालय से संबद्ध दस कालेजों में आयोजित होनी थी। सभी सेंटरों में परीक्षा स्थगित कर दी गयी। अब दोबारा परीक्षा दस अगस्त को आयोजित की जायेगी।

Related Articles

Back to top button