
देहरादून, 20 सितंबर। उत्तराखंड प्रीमियर लीग UPL के तीसरे सीजन का आगाज इस बार बॉलीवुड तड़का और उत्तराखंड की लोक संस्कृति के संगम के साथ होगा. 21 सितंबर को देहरादून के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाली ओपनिंग सेरेमनी में बॉलीवुड अभिनेत्री वाणी कपूर के साथ प्रदेश के नामचीन लोक गायक मंच पर अपनी प्रस्तुतियां देंगे. इसके साथ ही उद्घाटन दिवस पर महिला वर्ग के दो मुकाबले भी खेले जाएंगे.
उत्तराखंड प्रीमियर लीग (UPL) के तीसरे सीजन के लिए क्रिकेट फैंस का इंतजार अब खत्म होने वाला है. 21 सितंबर से शुरू हो रहे टूर्नामेंट का आगाज इस बार खेल के साथ मनोरंजन और उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति के रंग में रंगा नजर आएगा. देहरादून के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 21 सितंबर की शाम होने वाली भव्य ओपनिंग सेरेमनी में बॉलीवुड अभिनेत्री वाणी कपूर मुख्य आकर्षण होंगी. उनके साथ उत्तराखंड के अलग-अलग क्षेत्रों के चर्चित लोक गायक अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे.
ओपनिंग सेरेेमनी में दिखेगी, गढ़वाली, कुमाउंंनी और जौनसार की झलक
ओपनिंग सेरेमनी में उत्तराखंड के तीन प्रमुख सांस्कृतिक क्षेत्र गढ़वाल, कुमाऊं और जौनसार की लोक संगीत परंपरा की झलक भी देखने को मिलेगी. गढ़वाल से करिश्मा शाह और रुहान भारद्वाज प्रस्तुति देंगे, जबकि कुमाऊं से इंदर आर्य अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे. टिहरी के जौनपुर से मंजू नौटियाल और जौनसार क्षेत्र से अज्जू तोमर और अजय चौहान मंच पर अपनी प्रस्तुतियां देंगे. आयोजकों के मुताबिक, समारोह के जरिए उत्तराखंड की स्थानीय सांस्कृतिक पहचान को बड़े मंच पर प्रस्तुत करने की कोशिश की गई है. क्रिकेट के मैदान पर खिलाड़ियों के प्रदर्शन के साथ स्टेडियम में मौजूद दर्शकों को प्रदेश की लोक संस्कृति और आधुनिक मनोरंजन का भी अनुभव मिलेगा.
शुरुआत में आज महिला वर्ग के दो मुकाबले होंगे
यूपीएल के उद्घाटन दिवस पर क्रिकेट का रोमांच भी सुबह से ही शुरू हो जाएगा. 21 सितंबर को महिला वर्ग के दो मुकाबले खेले जाएंगे. पहला मुकाबला सुबह 11 बजे पिथौरागढ़ हरिकेंस और देहरादून वॉरियर्स के बीच होगा. इसके बाद दोपहर 3 बजे बागेश्वर एरियल और मसूरी क्वींस आमने-सामने होंगी. इन दोनों मुकाबलों के बाद शाम को ओपनिंग सेरेमनी आयोजित की जाएगी. यानी उद्घाटन दिवस पर दर्शकों को दिन में लगातार क्रिकेट मुकाबले देखने का मौका मिलेगा और शाम को बॉलीवुड और लोक संगीत से सजा मनोरंजन कार्यक्रम देखने को मिलेगा.
उद्घाटन समारोह, लीग के एक और रोमांचक सीजन की शुरुआत का प्रतीक है. क्रिकेट और उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक प्रतिभा को एक मंच पर लाकर आयोजन को खास बनाने की कोशिश की गई है.
-किरण वर्मा, सचिव, सीएयू
बीसीसीआई के पूर्व उपाध्यक्ष और सीएयू के पूर्व सचिव महीम वर्मा ने कहा कि, ओपनिंग सेरेमनी क्रिकेट और उत्तराखंड की जीवंत सांस्कृतिक पहचान, दोनों का जश्न मनाने का अवसर है. उनके मुताबिक, यूपीएल पिछले कुछ वर्षों में खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देता रहा है और तीसरा सीजन भी इसी दिशा में एक और अध्याय होगा.
यूपीएल 2026 में महिला और पुरुष वर्ग के मुकाबले अलग-अलग चरणों में खेले जाएंगे. फाइनल 24 सितंबर को होगा, जबकि पुरुष वर्ग की शुरुआत 22 सितंबर की शाम 7:30 बजे हरिद्वार एल्मास और नैनीताल टाइगर्स के बीच मुकाबले से होगी. पुरुष वर्ग का एलिमिनेटर मुकाबला 30 सितंबर को खेला जाएगा, जबकि सीजन का भव्य फाइनल 1 अक्टूबर को होगा. इस तरह 21 सितंबर से 1 अक्टूबर तक चलने वाले UPL के तीसरे सीजन में क्रिकेट के साथ मनोरंजन और उत्तराखंड की सांस्कृतिक विविधता भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेगी.



