
देहरादून, 9 नवम्बर, 26. आखिरकार 9 साल बाद उत्तरकाशी के इंद्रमणि नौटियाल सऊदी अरब से उत्तराखंड लौट रहे हैं. इसकी जानकारी अंतरराष्ट्रीय समाज सेवी रोशन रतूड़ी ने साझा की है. एक हादसे के बाद सऊदी अरब की जेल में बंद इंद्रमणि नौटियाल की रिहाई के लिए लंबी कानूनी प्रक्रिया चली. जिसके लिए 9 लाख 84 हजार सऊदी रियाल यानी 2 करोड़ 51 लाख रुपए जमा करने पड़े. जिसके लिए क्राउड फंडिग की गई. जिसमें कई लोगों ने अपना योगदान दिया. जिसके बदौलत आज इंद्रमणि नौटियाल अपने वतन और घर लौट रहे हैं.
गौर हो कि उत्तरकाशी के गोरसाड़ा गांव के रहने वाले इंद्रमणि नौटियाल रोजगार के सिलसिले में करीब 9 साल पहले साल 2018 में सऊदी अरब गए थे, लेकिन साल 2019 में उनकी ट्रक से कार हादसे की घटना के बाद वे कानूनी दांव पेंच में फंस गए. जिसके चलते वे वापस भारत नहीं लौट सके. उन्हें जेल की सजा हुई. ऐसे में इंद्रमणि नौटियाल की बेटी दीपिका समेत परिजनों ने उन्हें वापस लाने के लिए शासन और प्रशासन से गुहार लगाई, लेकिन इसके लिए भारी भरकम राशि जमा कराने की जरूरत पड़ी.
रोशन रतूड़ी की मानें तो ट्रक का इंश्योरेंस नहीं था, इसलिए इस पूरे केस में मालिक की गलती ज्यादा सामने आयी. बताया जा रहा है कि घटना के दिन इंद्रमणिनौटियाल ने अपने मालिक को कहा था कि वो बिना इंश्योरेंस के ट्रक नहीं चलाएगा, लेकिन आरोप था कि मालिक ने उन्हें जबरदस्ती भेजा और उसी दिन यह हादसा हो गया.
- सऊदी अरब या कई अन्य देशों के यातायात कानूनों में नियम बहुत सख्त होते हैं। यदि किसी भारी वाहन (जैसे ट्रक) की टक्कर से किसी की मौत होती है, तो आमतौर पर भारी वाहन के ड्राइवर को ही दुर्घटना और सुरक्षा में चूक के लिए प्राथमिक रूप से जिम्मेदार ठहराया जाता है।
वहीं, घटना में 5 लोगों की मौत पर सऊदी अरब की कोर्ट ने फैसला लिया कि इंद्रमणि नौटियाल को 9 लाख रियाल यानी भारतीय रुपए में आज के हिसाब से करीब 2 करोड़ 31 लाख 63 हजार पीड़ित परिवार को देना होगा. जिनकी इस हादसे में जान गई है. इसी बीच वे कई सालों तक जेल में रहे. लिहाजा, उनकी रिहाई के लिए रकम जुटाना जरूरी हो गया था. जिसके तहत रकम जुटाई गई और इंद्रमणि नौटियाल की रिहाई संभव हो पाई.



